राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत कोयला भवन मुख्यालय में स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन

Spread the love

धनबाद। हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बीसीसीएल मुख्यालय एवं इसके सभी क्षेत्रों में 14 से 28 सितंबर तक राजभाषा पखवाड़ा-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं कार्यालयीन गतिविधियों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं, साहित्यिक गतिविधियों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज कोयला भवन मुख्यालय में कंपनी में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से मानवीय संवेदनाओं, जीवन के विविध अनुभवों, सामाजिक सरोकारों, समसामयिक विषयों एवं जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, साहित्यिक अभिरुचि एवं काव्यात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ छायावाद के प्रमुख स्तंभों में से एक, सुप्रसिद्ध कवि एवं कहानीकार स्वर्गीय जयशंकर प्रसाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई। तत्पश्चात उनके जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर एक संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया गया। इसके उपरांत स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी साहित्य एवं कविता हमारी सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण अंग हैं। कविता विचारों, भावनाओं एवं अनुभवों की सहज और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक गतिविधियां कार्मिकों में हिंदी के प्रति रुचि एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी अभिव्यक्ति-कौशल को भी विकसित करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार एवं इसके प्रभावी प्रयोग में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 14 से 28 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत मुख्यालय एवं कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में विविध प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों का उद्देश्य कार्मिकों में हिंदी के प्रति जागरूकता एवं अभिरुचि विकसित करना तथा राजभाषा के प्रयोग को प्रोत्साहित करना है। पखवाड़े का समापन आगामी 28 सितंबर को आयोजित समापन-सह-पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में महाप्रबंधक (विपणन एवं विक्रय) हितेश वर्मा, महाप्रबंधक (विधि)  के.एस. सिन्हा, विभागाध्यक्ष (राजभाषा)  मनीष मिश्रा सहित अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में जितेन्द्र कुमार झा, महाप्रबंधक (विपणन एवं विक्रय) तथा  सौरभ कुमार सिंह, प्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) ने अपनी सहभागिता की। कार्यक्रम की सफलता में राजभाषा की वरीय अधिकारी (मानव संसाधन) सुश्री सुमेधा भारती,  अनिरुद्ध नोनिया, श्रीमती वंदना देवी, श्रीमती एम. विश्नेश्वरी, श्रीमती पुष्पा केसरी,  महेंद्र सिंह, श्रीमती मीना देवी एवं अन्य का विशेष  योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *