प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें मंडल के शाखा अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा नीति का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना हमारा संवैधानिक दायित्व है। प्रयागराज मंडल में हिंदी के प्रयोग को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है, फिर भी निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण रूप से प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले सभी दस्तावेज हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने सभी शाखाधिकारियों को अपने-अपने कार्यालयों में राजभाषा नीति का समुचित अनुपालन सुनिश्चित करने तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने निरीक्षणों के दौरान राजभाषा के प्रयोग एवं प्रगति की भी समीक्षा करें तथा निरीक्षण रिपोर्ट में संबंधित कार्यालय में राजभाषा के प्रयोग-प्रसार की स्थिति का उल्लेख करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा स्वयं अधिकाधिक कार्य हिंदी में किए जाने से अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी हिंदी के प्रयोग के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। बैठक के प्रारंभ में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी दीपक कुमार ने प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत मंडल कार्यालय में आयोजित की जाने वाली राजभाषा प्रदर्शनी के संबंध में भी जानकारी दी।
दीपक कुमार ने संसदीय राजभाषा समिति द्वारा मंडल के अलीगढ़ स्टेशन के सफल निरीक्षण के लिए परिचालन विभाग को बधाई दी। उन्होंने बताया कि मंडल में नियमित रूप से कंप्यूटर पर हिंदी कुंजीयन कार्यशालाओं का आयोजन कर कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही महत्वपूर्ण स्टेशनों एवं कार्यालयों का नियमित निरीक्षण कर राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग में निरंतर वृद्धि हो रही है तथा तकनीकी एवं कार्यालयीन कार्यों में भी हिंदी का सहज एवं प्रभावी प्रयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। बैठक के दौरान राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उपस्थित शाखाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में मंडल के समस्त शाखाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न शाखाओं में राजभाषा हिंदी के प्रगामी प्रयोग के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के संबंध में सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। बैठक का संचालन राजीव कुमार, सहायक वित्त प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी द्वारा किया गया।
