औरंगाबाद। एनटीपीसी नबीनगर में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत ‘काव्य संध्या’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के सुप्रसिद्ध कवि नीलोत्पल मृणाल, गजेंद्र प्रियांशु, सुदीप भोला एवं कवयित्री डॉ. तिश्या श्री ने अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में एनटीपीसी नबीनगर के परियोजना प्रमुख एल. के. बेहेरा तथा बीआरबीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऐ. जे. राजकुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर एल. के. बेहेरा ने सभी आमंत्रित कवियों का स्वागत किया तथा हिंदी भाषा के महत्त्व को रेखांकित करते हुए सभी से हिंदी को अपने दैनिक एवं कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक अपनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान आमंत्रित कवियों ने हास्य, व्यंग्य, गीत एवं विविध काव्य रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने हिंदी भाषा की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, अभिव्यक्ति की विविधता तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक संवेदनाओं के अनेक मनोरम पक्षों से भी श्रोताओं को परिचित कराया।
कार्यक्रम में राकेश शर्मा, महाप्रबंधक (परियोजना), रफाकत खान, उप कमांडेंट, केंद्र औद्योगिक सुरक्षा बल, मनोरंजन पाणिग्रही, महाप्रबंधक (अनुरक्षण एवं ए.डी.एम.), सहित परियोजना के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ओंकार नाथ, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ने सभी आमंत्रित कवियों, अतिथियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी नबीनगर में 14 से 29 सितंबर तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, संवर्धन एवं कार्यालयीन कार्यों में इसके अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
