नगर पालिका सोनभद्र और चुर्क-घुर्मा में निर्माण कार्यों का निरीक्षण, गुणवत्ता व सफाई व्यवस्था सुधारने की हिदायत
सोनभद्र। अपर जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद सोनभद्र और नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान कई स्थानों पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई में कमी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को कड़े निर्देश दिए। नगर पालिका के वार्ड-4 स्थित चण्डी माता मंदिर परिसर में वंदन योजना के तहत कराए जा रहे अवस्थापना विकास कार्यों का जायजा लेते हुए अपर जिलाधिकारी ने कोटा स्टोन, सीसी रोड, प्रकाश व्यवस्था और पौधरोपण का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने को कहा। परिसर में जल निकासी के लिए अनावश्यक नाली के बजाय उचित ढाल विकसित करने के निर्देश दिए गए। मंदिर के बाहर रखी मोरम और गिट्टी मानक के अनुरूप न मिलने पर अवर अभियंता को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई। इसी वार्ड के तालाब पर निर्माणाधीन घाट का निरीक्षण करते हुए जलकुंभी और वनस्पतियों की सफाई कराने तथा कार्य दोबारा शुरू होने पर सूचना देने को कहा गया। जिला सैनिक कल्याण बोर्ड के पास सीएंडडीएस द्वारा बनाए जा रहे कल्याण मण्डपम् में मानक विहीन मोरम और ईंट मिलने पर अपर जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक को जांच कराने तथा दोषी ठेकेदार के बिल से नियमानुसार कटौती के निर्देश दिए। निर्माण स्थल पर अवर अभियंता की नियमित उपस्थिति भी सुनिश्चित करने को कहा। नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में शिव मंदिर, छठ घाट, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग और पार्क का निरीक्षण करते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा आवारा पशुओं की रोकथाम के निर्देश दिए गए। चुर्क तिराहे के पास निर्माणाधीन दुकानों और डिजिटल लाइब्रेरी का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों को शेष कार्य मानकों के अनुरूप पूरा कराने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई।
