सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल ने ऊर्जा दक्षता एवं ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी निरंतर उत्कृष्टता का प्रदर्शन करते हुए 27 वें राष्ट्रीय ऊर्जा प्रबंधन उत्कृष्टता पुरस्कार 2026 में दो प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किए। भारतीय उद्योग परिसंघ के ऊर्जा दक्षता परिषद द्वारा आयोजित इस समारोह में एनटीपीसी विंध्याचल को लगातार चौथे वर्ष ‘उत्कृष्ट ऊर्जा दक्ष इकाई’ पुरस्कार तथा लगातार दूसरे वर्ष ‘राष्ट्रीय ऊर्जा लीडर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

थर्मल पावर प्लांट्स की सामान्य श्रेणी में आयोजित इस प्रतियोगिता में सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वतंत्र विद्युत उत्पादकों एवं राज्य विद्युत उत्पादकों ने भाग लिया। इस उपलब्धि से एनटीपीसी विंध्याचल की ऊर्जा प्रबंधन एवं ऊर्जा दक्षता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता प्रदर्शित होती है तथा यह ताप विद्युत क्षेत्र में एक अनुकरणीय मानक के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
एनटीपीसी विंध्याचल की ओर से किरण कुमार बंटू, अपर महाप्रबंधक (प्रचालन) एवं राम सेवक जायसवाल, उप महाप्रबंधक (ईईएमजी) ने 18 सितंबर को हैदराबाद स्थित एचआईसीसी में आयोजित समारोह में स्टेशन की ऊर्जा प्रबंधन संबंधी पहलों का प्रस्तुतीकरण किया तथा स्टेशन की ओर से दोनों पुरस्कार प्राप्त किए। यह उपलब्धि एनटीपीसी विंध्याचल की ऊर्जा दक्षता, सतत सुधार एवं उत्कृष्ट संचालन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
