गौशाला में पशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

सोनभद्र। अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड, डाला सीमेंट वर्क्स एवं राजकीय पशु चिकित्सालय विभाग, चोपन के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम बारी, चोपन स्थित गौशाला में पशु स्वास्थ्य एवं टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौशाला में रखे गए पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार एवं वैक्सीनेशन किया गया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।

पशु चिकित्सा विभाग के चिकित्सक डॉ. अनुभव एवं डॉ. विकास द्वारा पशुओं की देखभाल, उनके स्वास्थ्य एवं उचित रखरखाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने पशुओं को विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखने में समय पर टीकाकरण की आवश्यकता एवं उसके महत्व के बारे में भी विस्तार से जागरूक किया। यह कार्यक्रम इकाई प्रमुख संदीप हिवरेकर के दिशा-निर्देशन एवं मानव संसाधन प्रमुख डॉ. शशिकांत के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

इस अवसर पर CSR प्रमुख निशा तिर्की ने बताया कि अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड एवं राजकीय पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त प्रयासों से पूर्व में भी ग्राम कोटा, खटकर एवं अम्मा टोला में पशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, जिनका स्थानीय लोगों एवं पशुपालकों को लाभ मिला है। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए ग्राम बारी स्थित गौशाला में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि वहां रखे गए पशुओं की नियमित देखभाल, स्वास्थ्य परीक्षण एवं समय पर टीकाकरण एवं उपचार सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि अल्ट्राटेक द्वारा पशु स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से टीकाकरण, उपचार, स्वास्थ्य जागरूकता एवं निःशुल्क दवा वितरण जैसे प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में CSR अधिकारी रोहित श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के अंत में राजकीय पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने पशु स्वास्थ्य एवं कल्याण के क्षेत्र में सहयोग के लिए अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *