रो. जय तिवारी अध्यक्ष एवं रो. शशांक शेखर सचिव बने नई टीम ने संभाली कमान
रेणुकूट। रोटरी क्लब रेणुकूट का भव्य 51वाँ पदग्रहण समारोह गुरुवार, 9 जुलाई को हिंडाल्को मल्टीफैसिलिटी सेंटर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में रोटरी सदस्यों, उनके परिवारजनों एवं गणमान्य अतिथियों का स्वागत रोटरी परिवार के बच्चों ने तिलक लगाकर किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाठी थीं। विशिष्ट अतिथियों में असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. राजीव रंजन, मेजर डोनर रो. राजीव जयपुरिया, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. सतपाल गुलाठी, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. डॉ. प्रमोद कुमार, रोटरी क्लब सनराइज वाराणसी के रो. देवेंद्र गुप्ता, हिंडाल्को के मानव संसाधन विभाग के प्रमुख जसबीर सिंह, रोटरी क्लब रेणुकूट के सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त लायंस क्लब, इनर व्हील क्लब, पत्रकार बंधु तथा समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रगान के पश्चात अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
तत्कालीन अध्यक्ष रो. सुनील कांत पाण्डेय ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि “Service Above Self” की भावना को जीवन में उतारने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पूरे वर्ष क्लब ने दिव्यांगजन सहायता, महिला एवं बाल कल्याण सहित अनेक जनहितकारी परियोजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया। उन्होंने कहा कि क्लब की प्रत्येक उपलब्धि सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं सेवा भावना का परिणाम है। अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, सहयोगी संस्थाओं तथा परिवारजनों के प्रति उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के सचिव रो. अजित अस्थाना ने विस्तृत सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर संचालित सेवा कार्यों का लेखा-जोखा रखा। उन्होंने बताया कि क्लब ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, दिव्यांगजन सहायता, महिला एवं बाल कल्याण सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए। रोटरी क्लब रेणुकूट ने सुदूर ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों तक पहुँचकर जरूरतमंद लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास किया तथा रोटरी के “Service Above Self” के आदर्श को सार्थक रूप दिया।
उन्होंने बताया कि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 द्वारा क्लब के उत्कृष्ट सेवा कार्यों को सम्मानित करते हुए 23 विशिष्ट पुरस्कारों के साथ प्रतिष्ठित ‘गोल्ड क्लब’ सम्मान प्रदान किया गया, जो पूरे क्लब के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि क्लब के प्रत्येक सदस्य, पदाधिकारी, उनके परिवारों तथा सहयोगियों के निस्वार्थ समर्पण, अनुशासन, टीमवर्क और सेवा भावना का परिणाम है। इसके उपरांत अध्यक्ष रो. सुनील कांत पाण्डेय ने वर्षभर उत्कृष्ट योगदान देने वाले क्लब सदस्यों तथा विभिन्न सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों में सहयोग देने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाठी की उपस्थिति में अध्यक्ष रो. सुनील कांत पाण्डेय ने रो. जय तिवारी को अध्यक्षीय कॉलर पहनाकर वर्ष 2026-27 के लिए अध्यक्ष पद का दायित्व सौंपा। इसी क्रम में सचिव रो. अजित अस्थाना ने रो. शशांक शेखर सिंह को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपते हुए सचिवीय पिन प्रदान की तथा कोषाध्यक्ष रो. शशि तिवारी ने रो. अजित अस्थाना को वर्ष 2026-27 के लिए कोषाध्यक्ष (Treasurer) का दायित्व सौंपा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष रो. जय तिवारी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि रोटरी केवल सेवा का मंच नहीं, बल्कि समाज में स्थायी एवं सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा, “हम केवल लक्ष्य पूरे करने के लिए नहीं, बल्कि समाज के जीवन में स्थायी बदलाव लाने के लिए कार्य करेंगे। हमारी पूरी टीम सेवा, समर्पण और नवाचार के साथ कार्य करते हुए रोटरी क्लब रेणुकूट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का संकल्प लेती है। हम प्रत्येक सदस्य को साथ लेकर चलेंगे, नई ऊर्जा के साथ समाजहित की परियोजनाओं का विस्तार करेंगे तथा डिस्ट्रिक्ट द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करेंगे।”
उन्होंने अपने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की घोषणा की तथा 13 नए सदस्यों को रोटरी पिन पहनाकर क्लब परिवार में शामिल किया। इसके पश्चात पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. डॉ. प्रमोद कुमार ने सभी नवसदस्यों को रोटरी की शपथ दिलाई तथा उन्हें रोटरी के आदर्शों एवं सेवा मूल्यों से परिचित कराया। पूर्व अध्यक्षा रो. डॉ. प्रेमलता ने मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाठी का गरिमामय परिचय प्रस्तुत करते हुए कहा कि वे अपने विनम्र व्यक्तित्व, सरल स्वभाव, कर्मठ कार्यशैली तथा समाजसेवा के प्रति अटूट समर्पण के लिए पूरे रोटरी परिवार में विशिष्ट पहचान रखती हैं। वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सेवा के अनेक प्रकल्पों का सफल नेतृत्व करते हुए उन्होंने रोटरी की सेवा भावना को नई दिशा प्रदान की है।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रो. पूनम गुलाठी ने रोटरी क्लब रेणुकूट द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि क्लब ने सेवा, समर्पण और टीमवर्क के बल पर पूरे डिस्ट्रिक्ट में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि रोटरी की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित सदस्य हैं, जो बिना किसी अपेक्षा के समाजहित में निरंतर कार्य करते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनिर्वाचित टीम आगामी वर्ष में सेवा के नए आयाम स्थापित करेगी तथा क्लब को नई उपलब्धियों तक पहुँचाएगी। साथ ही उन्होंने हर स्तर पर अपना पूर्ण सहयोग एवं मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में रोटरी परिवार के बच्चों ने आकर्षक नृत्य एवं गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया तथा पूरे वातावरण को उल्लास से भर दिया। सम्पूर्ण कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन रो. संजय रूंथला ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं सदस्यों ने स्नेहभोज का आनंद लिया। समारोह को सफल बनाने में रोटरी क्लब रेणुकूट के सभी सदस्यों, पदाधिकारियों, सहयोगियों एवं परिवारजनों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
