किसान दिवस में समस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली पर भड़के जिलाधिकारी, बंधी डिवीजन के एई को लगाई कड़ी फटकार

Spread the love

चन्दौली। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस के दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान बंधी के एई (सहायक अभियंता) द्वारा अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते कहा, लापरवाही बरतने वाले एई को कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि किसान परेशान हैं और उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना संबंधित अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में किसानों द्वारा कटशीला से जमुनीपुर माइनर की साफ-सफाई न होने का मुद्दा उठाया गया किसानों के इस वक्तव्य पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल माइनर की सफाई कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।किसान दिवस में किसानों ने बिजली आपूर्ति एवं लो-वोल्टेज, जल निगम (पेयजल), शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के ड्रेनों की बेहतर साफ-सफाई तथा पुरानी नहरों के रेनोवेशन से जुड़ी गंभीर समस्याएं उठाईं गई। जिलाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को एक बेहतर रणनीति बनाकर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े।

मरुई गांव में गढ़ई की कुछ हिस्सा पाटने (अवैध कब्ज़ा) करने वाले लोगों में से कुछ लोगों पर विधिक कार्यवाही की जानकारी मिली, जिस पर कब्ज़ा में संलिप्त सभी की चार्जोपरांत कार्यवाही के निर्देश दिये। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा सहित विद्युत, सिंचाई और कृषि से जुड़े प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने किसानों को आश्वासन दिया है कि उठाई गई हर एक समस्या का समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर शिकंजा कसा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *