पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक ने उच्चस्तरीय बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा की 

Spread the love

हाजीपुर । पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग द्वारा 14.09.2026 को विभागाध्यक्षों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यालय, हाजीपुर में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत् स्टेशन पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा की गयी। बैठक में महाप्रबंधक द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों पर जारी पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा की गयी। महाप्रबंधक ने कार्य में तेजी लाते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा पर पूरा करने का निर्देश दिया ।

रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को अत्याधुनिक रेल अवसंरचना, सुरक्षित, स्मार्ट एवं आरामदायक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में रेलवे की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है। पूर्व मध्य रेल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 97 स्टेशनों का पुनर्विकास विभिन्न चरणों में है। दानापुर मंडल के 22 स्टेशन, सोनपुर मंडल के 16 स्टेशन, धनबाद मंडल के 17 स्टेशन, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के 17 स्टेशन तथा समस्तीपुर मंडल के 25 स्टेशन इस योजना में शामिल हैं।

विदित हो कि विकसित भारत के भारतीय रेल के दृष्टिकोण के अनुरूप चयनित रेलवे स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किया जा रहा है। भारतीय विविधता की भव्यता को प्रदर्शित करते हुए स्टेशन पुनर्विकास का मुख्य उद्देश्य स्टेशनों पर अत्याधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ मौजूदा सुविधाओं का उन्नयन, यात्री सुविधाओं का विस्तार, सुगम पहुँच सुनिश्चित करना, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करना तथा स्टेशन परिसर को आधुनिक एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करना है। साथ ही क्षेत्र की स्थानीय पहचान एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना भी इसका प्रमुख उद्देश्य है। स्टेशन की वास्तुकला को क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिससे यह आधुनिक यात्री सुविधाओं और स्थानीय परंपरा का उत्कृष्ट संगम प्रस्तुत करेगा। बेहतर रेल संपर्क के माध्यम से स्थानीय व्यापार, कृषि गतिविधियों तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच और अधिक सुदृढ़ होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *