29 सॉफ्टवेयर और 11 हार्डवेयर टीमों ने पेश किए नवाचार आधारित समाधान
सोनभद्र। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सोनभद्र में आयोजित दो दिवसीय स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में छात्र-छात्राओं ने तकनीकी कौशल और नवाचार का दमदार प्रदर्शन किया। 11 एवं 12 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में कुल 40 टीमों ने प्रतिभाग किया, जिसमें 29 सॉफ्टवेयर और 11 हार्डवेयर आधारित टीमें शामिल रहीं। करीब 180 विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी समस्याओं के समाधान पर आधारित अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
पहले दिन विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्रोजेक्ट की कमियों में सुधार, तकनीकी मजबूती और प्रभावी समाधान विकसित करने के लिए मार्गदर्शन दिया। दूसरे दिन सभी प्रोजेक्ट का मूल्यांकन किया गया। चयनित प्रोजेक्ट को स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले के लिए अग्रसारित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि अदाणी पावर के मुख्य व्यवसाय अधिकारी स्मूर्ति आर. नायक ने विद्यार्थियों को नवाचार के साथ मूलभूत ज्ञान मजबूत करने की सीख दी। संस्थान के निदेशक के.एस. वर्मा ने आयोजन को विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, टीमवर्क और समस्या-समाधान क्षमता विकसित करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। कार्यक्रम का आयोजन स्टूडेंट ब्रांच ने किया।
