माउंट कुन 23200 फीट 7077 मीटर पर है स्थित
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे में कार्यरत एवं उत्तर मध्य रेलवे की हॉकी खिलाड़ी/पर्वतारोही सोनिया कुशवाहा ने लद्दाख की कठिन ज़ंस्कार रेंज में स्थित माउंट कुन (23,200 फीट / 7,077 मीटर) पर सफलतापूर्वक विजय प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। उल्लेखनीय है कि इस ऐतिहासिक अभियान के लिए 21 अगस्त 2026 को उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने सुश्री सोनिया कुशवाहा को राष्ट्रीय ध्वज सौंपकर झंडी दिखाकर रवाना किया था। इस समारोह में उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के पदाधिकारियों एवं प्रधान विभागाध्यक्षों की उपस्थिति में उन्हें शुभकामनाएं दी गई थीं।

फ्लैग ऑफ के पश्चात, सोनिया कुशवाहा ने 29 अगस्त 2026 को अपनी कठिन चढ़ाई प्रारंभ की और अत्यधिक चुनौतीपूर्ण बर्फानी व ग्लेशियर मार्ग को पार करते हुए 07 सितंबर 2026 को माउंट कुन के शिखर पर तिरंगा फहराया। इतनी ऊंचाई पर आरोहण का सफल प्रयास कर भारतीय रेल का नाम रोशन करने वाली वे एक विशिष्ट महिला पर्वतारोही बनी हैं।
माउंट कुन फतह के बाद आगमन पर उनका ढोल-नगाड़ों, माल्यार्पण एवं पुष्पगुच्छों के साथ अत्यंत भव्य व गर्मजोशी से नागरिक एवं रेल परिवार द्वारा स्वागत किया गया। इस अभूतपूर्व सफलता पर महाप्रबंधक श्री नरेश पाल सिंह, उत्तर मध्य रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष श्री शशि प्रकाश द्विवेदी, उपाध्यक्ष श्री बी.पी. सिंह, महासचिव श्री गौतम जैन एवं सम्पूर्ण उत्तर मध्य रेलवे परिवार की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
