सोनभद्र। ‘सुपोषित भारत’ के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जिले में बुधवार से नौवां राष्ट्रीय पोषण माह शुरू हो गया। ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर चलने वाला यह अभियान 08 अक्टूबर तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और बाल विकास से जुड़ी सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर दिया जाएगा।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पोषण अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाना है। निर्धारित गतिविधि कैलेंडर के अनुसार जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर जनप्रतिनिधियों और समुदाय की सहभागिता से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान में आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा पका भोजन, सामुदायिक स्वामित्व एवं जवाबदेही तथा बच्चों के पोषण और प्रारंभिक उद्दीपन पर विशेष ध्यान रहेगा। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।
इसके अलावा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ईसीसीई), मोटापा नियंत्रण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषयों पर भी गतिविधियां होंगी। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र महिलाओं को मिलने वाले लाभ और नकद हस्तांतरण की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पोषण माह को केवल विभागीय कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनआंदोलन का रूप दिया जाए, ताकि पोषण, स्वास्थ्य और बाल विकास का संदेश जिले के प्रत्येक परिवार तक पहुंच सके। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता समुदाय के सहयोग से बच्चों और महिलाओं को बेहतर पोषण संबंधी व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर शुरू हुआ राष्ट्रीय पोषण माह, 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
