– फूलपुर। इफको फूलपुर इकाई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्रीय सुरक्षा समिति की वर्ष 2026 की तृतीय समीक्षा बैठक हुई। इकाई प्रमुख पीके सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन से लेकर सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने संभावित जोखिमों को समय रहते चिह्नित कर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।
पीके सिंह ने कहा कि औद्योगिक इकाई में उत्पादन के साथ कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यस्थल पर सुरक्षा नियमों का पालन किसी औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसे कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी, सतर्कता और सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
बैठक में इकाई में संचालित सुरक्षा पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई। सुरक्षा व्यवस्था में संभावित कमियों को चिह्नित कर उनके तत्काल निराकरण, आपात स्थितियों से निपटने की तैयारियों और सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। अधिकारियों ने कार्यस्थल पर जोखिम वाले क्षेत्रों की नियमित निगरानी और सुरक्षा मानकों के अनुपालन को प्राथमिकता देने की बात कही। अग्नि एवं सुरक्षा अधिकारी विवेक यादव समेत सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की। बैठक में सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों में निरंतर जागरूकता बनाए रखने और निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया गया। बैठक में उपमहाप्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन शंभू शेखर, मुख्य सुरक्षा अधिकारी गोरख सिंह सेंगर, अग्नि एवं सुरक्षा अधिकारी विवेक यादव, पीके पटेल, एके गुप्ता, रत्नेश कुमार, संजय अग्रवाल, संयुक्त महाप्रबंधक आशीष कुमार, एसके मिश्रा, अखिलेश निगम, इफको अधिकारी संघ के अध्यक्ष अनुराग तिवारी, महामंत्री स्वयं प्रकाश समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
