म्योरपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र के निर्देश पर परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में गुणवत्तापूर्ण अधिगम, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मेधावी छात्र चयन परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा विद्यालय, संकुल, ब्लॉक एवं जनपद स्तर पर कराई जा रही है।
इसी क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी म्योरपुर सुनील कुमार के निर्देशन में विकासखंड के सभी 320 परिषदीय विद्यालयों में विद्यालय स्तर पर परीक्षा आयोजित कराई गई। इसके बाद 40 संकुलों में परीक्षा कराकर कक्षा 3, 5, 6 एवं 8 के कुल 320 विद्यार्थियों का ब्लॉक स्तरीय परीक्षा के लिए चयन किया गया। ब्लॉक स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा का आयोजन केंद्र व्यवस्थापक रजनीश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में कंपोजिट विद्यालय बभनडीहा, म्योरपुर में हुआ। विकासखंड के अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर प्रश्नपत्र तैयार किए गए। परीक्षा में चयनित 320 विद्यार्थियों में से 240 बच्चों ने सात कमरों में आयोजित परीक्षा में प्रतिभाग किया। कॉपियों के मूल्यांकन में प्रहलाद वर्मा, दिलीप कुमार, शशिरंजन, शेषमन, अभय सिंह, अजय कुमार, अर्जुन राणावत, त्रिलोकीराम, अजय यादव, सौरभ सिंह, हरिश्चन्द्र सहित शिक्षकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं भोजन, जलपान एवं पुरस्कार व्यवस्था में सीमा, तनुश्री, सुषमा, आनंद, मनोज सिंह व विनोद पांडेय ने सहयोग किया। अजय कुमार गुप्ता ने आवश्यक अभिलेखों को पूर्ण करने का कार्य किया। परीक्षा परिणाम में कक्षा 8 से मुकेश कुमार, कक्षा 6 से भागीरथी, कक्षा 5 से अमिश तथा कक्षा 3 से कृषि विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय मेधावी छात्र चयन परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दी गईं। खंड शिक्षा अधिकारी एवं एआरपी ने सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार जताया।
