लखनऊ,। एनटीपीसी उत्तरी क्षेत्र मुख्यालय, लखनऊ द्वारा एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज़ 2026–27 के क्षेत्रीय चरण का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश के 31 प्रमुख इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन संस्थानों की 143 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रोमांच और उत्साह से भरपूर इस क्विज़ प्रतियोगिता ने अंतिम चरण तक प्रतिभागियों एवं दर्शकों को बांधे रखा। आईआईटी कानपुर ने प्रथम एवं तृतीय दोनों स्थान प्राप्त किए, जबकि आईआईटी-बीएचयू ने द्वितीय स्थान हासिल किया।प्रथम स्थान: आदित्य पाढ़ी एवं स्पर्श जैन – आईआईटी कानपुरद्वितीय स्थान: एकांश त्यागी एवं आर्यन राज – आईआईटी-बीएचयूतृतीय स्थान: पार्थ आर्य भाट एवं वकार मोइद – आईआईटी कानपुर क्षेत्रीय चरण की शीर्ष दो टीमें राष्ट्रीय सेमीफाइनल के लिए आगे बढ़ेंगी। प्रतियोगिता का समापन नोएडा में आयोजित राष्ट्रीय फाइनल के साथ होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एस. एन. पाणिग्रही, कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन), एनटीपीसी उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्र, ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2004 में अपनी शुरुआत के बाद से एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज़ ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनमें तार्किक सोच, नए विचारों की खोज तथा वास्तविक जीवन की व्यावसायिक एवं प्रबंधन संबंधी चुनौतियों पर अपने ज्ञान को लागू करने की क्षमता विकसित करने वाले एक प्रतिष्ठित मंच के रूप में अपनी पहचान बनाई है।
उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2026–27 का यह संस्करण “द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट” विषय पर आधारित है और इसका आयोजन नौ क्षेत्रीय केंद्रों—लखनऊ, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, रांची, नोएडा, रायपुर और पटना—में किया जा रहा है।
तेजी से बदलती दुनिया में जिज्ञासा, नवाचार और तार्किक सोच के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि एनटीपीसी ऐसे अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, जो युवा प्रतिभाओं को प्रश्न पूछने, सीखने और एक स्वच्छ, स्मार्ट एवं सतत भविष्य के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करें। विजेता टीमों को कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर क्विज़ मास्टर श्री गौतम बोस, श्री राहुल शर्मा, एजीएम (मानव संसाधन) तथा एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
