एनटीपीसी विंध्याचल में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
सोनभद्र, सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल द्वारा शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में उमंग भवन ऑडिटोरियम में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों के अमूल्य योगदान को उत्साह एवं गरिमा के साथ सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) माणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक (चिकित्सा सेवाएँ) डॉ. विनोद कुमार भराली, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम) निर्मल कुमार सिंह, महाप्रबंधक (वीएसआर ओवरहालिंग) एच. पी. देवांगन, महाप्रबंधक (रसायन) टी. एन. सीतारमन, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती रुमा दे शर्मा, डीपीएस, डी पॉल, सरस्वती शिशु मंदिर, टाइनी टॉट्स, बाल भवन एवं चैतन्य कोचिंग अकादमी के प्राचार्य एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों के स्वागत, उन्हें गुलाब के पुष्प एवं स्मृति-चिन्ह भेंट करने के साथ हुआ। तत्पश्चात दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन का आयोजन किया गया। स्वागत भाषण में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती रुमा दे शर्मा ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु समाज के पथ प्रदर्शक होते हैं, जो ज्ञान, संस्कार और प्रबोधन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान रविंद्र मिश्रा द्वारा स्वरचित गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी गई। शिक्षकों के मनोरंजन हेतु फन गेम्स, क्विज प्रतियोगिताएँ एवं स्केटिंग डांस जैसी विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें सभी शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वरिष्ठ अधिकारियों एवं अतिथियों ने शिक्षकों के समर्पण, निष्ठा एवं उत्कृष्ट योगदान की सराहना की। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों का विशेष सम्मान किया गया । कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दिवस की खुशी साझा करते हुए केक कटिंग का आयोजन भी किया गया।
अपने संबोधन में कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) किशोर कुमार होता ने शिक्षकों को उनकी निष्ठा, समर्पण एवं अथक प्रयासों के लिए बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक ही विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखार कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं, जिनका योगदान सदैव प्रेरणादायी और अतुलनीय रहेगा।
इस अवसर पर डीपीएस, डी पॉल, सरस्वती शिशु मंदिर, टाइनी टॉट्स, बाल भवन एवं चैतन्य कोचिंग अकादमी के प्राचार्यों को मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। प्राचार्यों ने इस सराहनीय पहल के लिए एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती कामना शर्मा द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती मृणालिनी ने प्रस्तुत किया। अंत में सभी शिक्षकों, अतिथियों एवं कर्मचारियों के साथ समूह छायाचित्र लेकर समारोह का समापन किया गया।
