बीएसएल में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं युवा प्रतिभाओं का सम्मान

Spread the love

बोकारो। इस्पात संयंत्र के संपर्क एवं प्रशासन-क्रीड़ा एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 के अवसर पर सेक्टर-4 स्थित मंगलम बैंक्वेट हॉल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य खेल भावना को प्रोत्साहित करना, उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को सम्मानित करना तथा बच्चों एवं युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और उत्साह को बढ़ावा देना रहा। समारोह में बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, संपर्क एवं प्रशासन विभाग के अधिकारी, बड़ी संख्या में खिलाड़ी तथा खेल प्रेमी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 में सेल एवं अंतर-इस्पात संयंत्र खेल प्रतियोगिताओं में बीएसएल स्पोर्ट्स टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों एवं टीमों की उल्लेखनीय उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, क्रीड़ा एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग द्वारा बोकारो जिले के 25 विद्यालयों के बच्चों के लिए आयोजित विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को भी मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा स्मृति-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर निदेशक प्रभारी ने सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों तथा युवा प्रतिभागियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उन्हें निरंतर अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ अपने खेल कौशल को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खेलों को व्यक्तित्व विकास, टीम भावना, अनुशासन तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह बीएसएल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा बोकारो जिले के बच्चों एवं युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति संयंत्र की निरंतर प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। बीएसएल द्वारा खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्टता की भावना विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयास स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *