मुख्यमंत्री को ‘बिटिया और बहना यू0पी0 का गहना-स्नेह बन्धन: कार्यक्रम’ में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राखी बांधी
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेटियों, बहनों और प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा का सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास, आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। हमारे पर्व और त्योहारों की परम्परा के पीछे सामाजिक समरसता के साथ-साथ आत्मनिर्भरता और विकास का भाव भी निहित है।
मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘बिटिया और बहना यू0पी0 का गहना-स्नेह बन्धन कार्यक्रम’ में विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी को विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने राखी बांधी। विभिन्न छात्राओं ने मुख्यमंत्री जी से संवाद किया। प्रदेश की सभी जनपदों से वीडियों कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से माताओं एवं बहनों ने मुख्यमंत्री जी को राखी भेंजकर रक्षा बन्धन की शुभकामनाएं प्रेषित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज इस कार्यक्रम में कुछ बेटियां अपने हाथों से राखियां बनाकर लाई हैं। कुछ लोगों ने बाजार से राखियां खरीदी होंगी। लेकिन बाजार से खरीदी गई राखी के पीछे भी किसी कारीगर, हस्तशिल्पी और श्रमिक का परिश्रम जुड़ा हुआ है। राखी बनाने के लिए कच्चा माल भी किसी कारीगर या हस्तशिल्पी ने तैयार किया होगा। जब हम स्थानीय उत्पाद खरीदते हैं तो उसका पैसा दुकानदार के माध्यम से उसी कारीगर तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़े स्तर पर स्किलिंग के लिए प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराया गया। स्किलिंग को रोजगार से जोड़ा गया और रोजगार को उत्तर प्रदेश के विकास से जोड़ते हुए प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने का कार्य किया गया। जब इतनी बड़ी आबादी एक साथ आगे बढ़ती है और एक साथ सोचती है तो उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। आज परिणाम सबके सामने है। अब उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है। आज उत्तर प्रदेश देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। लगभग नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश देश के सबसे पिछड़े राज्यों में गिना जाता था, जबकि आज देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों की चर्चा में उत्तर प्रदेश का नाम प्रमुखता से लिया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए बहुत बड़ा परिवर्तन है कि आज प्रदेश की बेटियां आगे बढ़कर प्रदेश और देश के विकास में अपना योगदान दे रही हैं। प्रदेश सरकार ने बेटी के जन्म से लेकर उसके स्नातक तक की शिक्षा और विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता सुनिश्चित की है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा तक सरकार उसके साथ खड़ी है। बेटियों के विवाह के लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की जा रही है। विद्यालय और महाविद्यालय में अध्ययनरत बेटियों के लिए छात्रवृत्ति की व्यवस्था की गई है।
ज्ञातव्य है कि स्नेह बंधन के इस कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मलिहाबाद, उच्च प्राथमिक विद्यालय महमूदपुर गोसाईगंज, भारत स्काउट एंड गाइड्स, द संस्कृति स्कूल, अटल आवासीय विद्यालय मोहनलालगंज, ए0पी0 सेन मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज, लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए-ब्लॉक राजाजीपुरम समेत अनेक विद्यालयों की छात्राएं मौजूद थीं। मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में अद्रिका, अर्पिता, अंशिका, जाह्नवी, अंकिता, कोमल, आरोही, खुशी, दिव्या, अनायसा, स्तुति, तंजीम फातिमा आदि छात्राओं ने तिलक लगाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी। मुख्यमंत्री से शैल कुमारी, अनन्या, समृद्धि वर्मा, आयशा बानो, वैष्णवी पाल, दिव्या, अभिलाषा सिंह, आराध्या, श्रेयसी, सृजा, अग्रिमा, माही, याशिका, अनंशी, सुकैना आदि छात्राओं ने संवाद किया और उनसे प्रश्न भी किए। मुख्यमंत्री ने सभी प्रश्नों के उत्तर दिए।
