रक्षाबंधन पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षा-सूत्र, खुशियों से गूंजा घर-आंगन

Spread the love

सोनभद्र। शुक्रवार को शुभ मुहूर्त के अनुसार जिलेभर में रक्षाबंधन का पर्व हर्षाेल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। इस दौरान सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा लसड़ा में भी रक्षाबंधन की विशेष रौनक देखने को मिली। घर-घर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके सुखी और समृद्ध जीवन की कामना की।
ग्राम सभा लसड़ा निवासी रुद्रकांत मिश्रा और अक्षत मिश्रा को उनकी बहनों जाह्नवी मिश्रा और तन्वी मिश्रा ने तिलक लगाकर एवं आरती उतारकर राखी बांधी। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी बहनों की सदैव रक्षा करने का संकल्प लेते हुए उन्हें उपहार भेंट किए।
रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का प्रतीक पर्व है। इस दिन बहनें पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भाइयों की कलाई पर रक्षा-सूत्र बांधती हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हैं। लसड़ा गांव में सुबह से ही घरों में पकवान और मिठाइयां बनाने का सिलसिला शुरू हो गया था। बहनों ने पूजा की थाली सजाकर विधि-विधान से भाइयों को राखी बांधी। त्योहार को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे गांव में दिनभर रक्षाबंधन के उल्लास का माहौल रहा। भाई-बहनों ने एक-दूसरे के प्रति प्रेम और स्नेह व्यक्त करते हुए पर्व को आपसी सौहार्द और खुशियों के साथ मनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *