ज्योत्सना महिला समिति ने सीनियर सिटीजन डे पर वरिष्ठ नागरिकों को किया सम्मानित

Spread the love

 श्रीमदभगवद् गीता भेंट कर जताया आभार

सोनभद्र, सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) मुख्यालय के अंतर्गत आने वाली ज्योत्सना महिला समिति द्वारा ‘सीनियर सिटीजन डे’ के अवसर पर गत बुधवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान एनसीएल परिवार के वरिष्ठ  सदस्यों के समृद्ध अनुभवों और उच्च आदर्शों का सम्मान करते हुए उन्हें आदर अर्पित किया गया। यह कार्यक्रम ज्योत्सना महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती बी. के. दुर्गा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समिति की उपाध्यक्ष श्रीमती नम्रता कुमार, श्रीमती रूबी जायसवाल समेत अन्य सदस्याएँ उपस्थित रहीं। महिला समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ जनों के अनुभवों और नैतिक मूल्यों से समाज और नई पीढ़ी को प्रेरित करना था।

समारोह के दौरान भावुक और प्रेरणादायक क्षण तब देखने को मिले, जब वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण संस्मरण और खट्टे-मीठे अनुभव उपस्थित लोगों के साथ साझा किए। उन्होंने नई पीढ़ी को जीवन में सफलता और सकारात्मकता बनाए रखने की सीख दी। साथ ही, सम्मानित हुए वरिष्ठ जनों ने इस आयोजन के लिए ज्योत्सना महिला समिति का हृदय से आभार प्रकट किया और सभी सदस्याओं को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में आध्यात्मिक और आत्मीय माहौल बनाते हुए महिला समिति की ओर से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वरिष्ठ नागरिकों को श्रीमदभगवत् गीता की प्रतियां वितरित की गईं और आगामी रक्षा बंधन के पर्व को ध्यान में रखते हुए रक्षासूत्र भी बाँधा गया । इसके उपरांत समिति की सदस्याओं ने उपस्थित सभी वरिष्ठ जनों को ससम्मान स्वादिष्ट व्यंजनों को अपने हाथों से परोसा। गौरतलब है कि ज्योत्सना महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती बी. के. दुर्गा द्वारा पिछले वर्ष सीनियर सिटीजन डे के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित करने की इस अनूठी परंपरा की शुरुआत की गई थी, जिसे इस वर्ष भी पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ आगे बढ़ाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *