प्रयागराज। मंडल के रेलवे सुरक्षा बल/प्रयागराज द्वारा ऑपरेशन डिग्निटी के तहत एक महिला को सुरक्षित उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया। दिनांक 24 अगस्त 2026 को रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक/प्रयागराज को सूचना प्राप्त हुई कि मध्य प्रदेश निवासी एक महिला अपने घर से बिना बताए निकल गई हैं और इस समय प्रयागराज जंक्शन पर मौजूद हैं। सूचना प्राप्त होने पर रेलवे सुरक्षा बल/प्रयागराज के कांस्टेबल बेलाल अहमद एवं महिला कांस्टेबल उमा देवी द्वारा तत्काल महिला की तलाश की गई। महिला को लगभग 12:30 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 पर सुरक्षित पाया गया। उक्त महिला को महिला कांस्टेबल की निगरानी में रखा गया तथा उनके परिजनों को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलने के बाद महिला के पति राजभान सिंह यादव एवं भांजे सौरभ दिनांक 25 अगस्त 2026 को रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट, प्रयागराज पहुंचे। संबंधित थाना पिपरई, जिला अशोकनगर (मध्य प्रदेश) से आवश्यक जानकारी एवं पहचान का सत्यापन किया गया। इसके बाद महिला की सहमति तथा आवश्यक पहचान सुनिश्चित करने के उपरांत, उप निरीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा महिला कांस्टेबल भोती गुर्जर की उपस्थिति में महिला को उनके पति राजभान सिंह यादव को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा इस कार्रवाई के माध्यम से महिला की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उन्हें सकुशल उनके परिवार तक पहुंचाया गया।
