बारिश की बूंदें रास्ता भले भिगो दें, लेकिन बच्चों के सपनों की उड़ान कभी नहीं रुकनी चाहिए – डॉ. विवेकानंद मिश्रा

Spread the love

 हिंडालको महान के सीएसआर विभाग द्वारा कक्षा 6वीं से 10वीं तक अध्ययनरत 438 विद्यार्थियों को छातों का वितरण

सिंगरौली। हिंडालको महान के सीएसआर विभाग द्वारा संचालित ‘अध्ययन’ परियोजना के अंतर्गत बाघाडीह हाई स्कूल एवं बाघाडीह मिडिल स्कूल, भलुही टोला में छाता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6वीं से 10वीं तक अध्ययनरत 438 विद्यार्थियों को छातों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में हिंडालको महान के मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद एवं सीएसआर टीम की उपस्थिति रही। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. विवेकानंद ने कहा कि बारिश बच्चों की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। विद्यालय तक पहुंचने में छोटी-छोटी सुविधाएं भी बच्चों के लिए बड़ी मदद साबित होती हैं। हमारा उद्देश्य है कि बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल के समाज और देश का भविष्य हैं, इसलिए उनकी शिक्षा और सुविधाओं के प्रति सामुदायिक सहयोग बेहद जरूरी है।

वर्षा ऋतु में विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा और बारिश से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित यह पहल ‘अध्ययन’ परियोजना के तहत शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बघाडीह के पूर्व सरपंच धर्मेंद्र द्विवेदी तथा हिंडालको महान के सीएसआर विभाग से संजय सिंह, अभिजीत रंजन, शीतल श्रीवास्तव एवं धीरेन्द्र तिवारी का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर दिखाई दी खुशी ने इस पहल को और भी खास बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *