तहसील परिसर बना वाहन स्टैंड, मजिस्ट्रेट की गाड़ी भी फंसी

Spread the love

दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी तहसील परिसर इन दिनों अनधिकृत वाहन स्टैंड में तब्दील हो गया है। स्थिति इस कदर बिगड़ चुकी है कि परिसर में आने वाले फरियादियों और अधिवक्ताओं का पैदल चलना भी दूभर हो गया है।  इस भारी जाम और अव्यवस्था के बीच एक मजिस्ट्रेट लिखी हुई सरकारी गाड़ी भी काफी देर तक फंसी रही।
 तहसील मुख्य भवन के ठीक सामने बने पार्किंग स्थल को जाली लगाकर बंद कर दिया गया है।पूर्व निर्धारित वैकल्पिक स्थान बंद होने से लोग मजबूरन अपने दोपहिया और चारपहिया वाहन सीधे मुख्य परिसर के अंदर खड़ा कर रहे हैं।रोजाना अपने जरूरी राजस्व, भूमि व अन्य सरकारी कार्यों के सिलसिले में दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों और फरियादियों को कैम्पस के भीतर दाखिल होने में ही भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। अव्यवस्थित ढंग से खड़ी गाड़ियों के चलते तहसील के अधिकारी और स्वयं मजिस्ट्रेट की गाड़ियां भी जाम के चंगुल से नहीं बच पा रही हैं।
दुद्धी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलभूषण पाण्डेय ने इस मामले को गंभीरता लेते हुए कहा कि तहसील परिसर के सामने बने पार्किंग स्थल को जाली लगाकर बंद करना उचित नही है। इसके कारण तहसील आने वाले गरीब ग्रामीणों, फरियादियों और न्यायिक कार्य के लिए आने वाले वकीलों को भारी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। पूरा कैम्पस कबाड़खाने की तरह वाहनों से पट गया है, जिससे पैदल चलना भी दूभर है। उन्होंने उपजिलाधिकारी से मांग की है कि इस समस्या का तुरंत संज्ञान लेकर तहसील परिसर को इस गंभीर जाम और अव्यवस्था से मुक्ति दिलाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *