श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

सोनभद्र । भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर सोमवार को भारतीय मजदूर संघ सोनभद्र द्वारा श्रमिकों एवं कर्मचारियों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रभावी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी सोनभद्र के माध्यम से माननीय प्रधानमंत्री , माननीय श्रम/रोजगार मंत्री, वित्त मंत्री भारत सरकार एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम का संचालन भारतीय मजदूर संघ सोनभद्र के जिला मंत्री एल. पी. शुक्ल जी ने किया। उन्होंने कहा कि जिले के विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों की समस्याओं को संगठन लगातार मजबूती से उठा रहा है और श्रमिकों को न्याय एवं सामाजिक सुरक्षा दिलाना भारतीय मजदूर संघ की प्राथमिकता है।

कार्यक्रम में  रमेश सिंह जी ने श्रमिक हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखते हुए संगठन की एकजुटता और संघर्ष को मजबूत करने पर जोर दिया। इसके बाद NHM से  विकास गोस्वामी जी ने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत संविदा एवं अन्य कर्मचारियों की समस्याओं, सेवा सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा तथा श्रमिकों के अधिकारों से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाया।

 अमित यादव ने श्रमिकों की समस्याओं एवं संगठनात्मक एकता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। कोयला के महामंत्री  पवन कुमार शर्मा जी ने कोयला श्रमिकों की समस्याओं, रोजगार, वेतन, सुरक्षा एवं श्रमिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। अखिल भारतीय कोयला मजदूर संघ के संगठन मंत्री  अशोक कुमार मिश्रा ने कोयला श्रमिकों के राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि श्रमिकों के अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय मजदूर संघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश मंत्री अरुण कुमार दुबे ने श्रमिक हितों से जुड़े व्यापक विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने न्यूनतम वेतन में वृद्धि, ईएसआईसी एवं ईपीएफ की सीमा में बढ़ोतरी, न्यूनतम पेंशन में वृद्धि, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा श्रमिकों को व्यापक सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय मजदूर संघ द्वारा उठाई गई विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया, जिसमें श्रमिकों के हितों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को सरकार तक पहुंचाने एवं उनके शीघ्र समाधान की अपेक्षा की गई।

कार्यक्रम में सोनभद्र जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारी, अध्यक्ष, महामंत्री, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। अंत में भारतीय मजदूर संघ सोनभद्र के जिला अध्यक्ष दशाराम यादव जी ने सभी पदाधिकारियों, अतिथियों, विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *