बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद सोन शक्ति स्टेडियम में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान और परेड का आयोजन हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए श्री असाटी ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को नमन करते हुए कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा में एनटीपीसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नई तकनीकों, ऊर्जा परिवर्तन और कार्यकुशलता के साथ रिहंद को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का आह्वान किया।
समारोह में देशभक्ति गीत, नृत्य एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, मेधावी छात्रों, संविदा कर्मियों, सुरक्षा गार्डों तथा परेड एवं सांस्कृतिक टीमों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वर्तिका महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती नीलू असाटी, विभागाध्यक्ष, यूनियन व एसोसिएशन पदाधिकारी, सीआईएसएफ जवान, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। प्लांट परिसर में महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) श्री प्रणय कुमार नायक ने भी ध्वजारोहण किया।
