जीएसटी विभाग द्वारा संवाद व जागरुकता कार्यक्रम आयोजित 

Spread the love

आलापुर ,अम्बेडकरनगर। वस्तु एवं सेवा कर राज्य कर कार्यालय अम्बेडकरनगर में ईंट भट्ठा संचालकों एवं व्यापारियों के साथ जीएसटी विभाग द्वारा कार्यालय उपायुक्त, राज्य कर, अम्बेडकरनगर के निर्देशन में संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ईंट भट्ठा व्यवसाय से संबंधित जीएसटी प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, कर अनुपालन को प्रोत्साहित करना तथा कर संबंधी व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करना था।

कार्यक्रम में ईंट भट्ठा संचालकों को जीएसटी अधिनियम के अंतर्गत समय से पंजीकरण, कर चालान (Tax Invoice) का सही निर्गमन, ई-वे बिल के प्रावधानों का पालन, जीएसटी रिटर्न समयबद्ध रूप से दाखिल करने, कर का नियमित भुगतान करने तथा अभिलेखों एवं लेखा पुस्तकों का विधिवत संधारण करने के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि अपंजीकृत व्यक्तियों से क्रय, परिवहन संबंधी दस्तावेजों की उपलब्धता, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) के सही दावे तथा विभागीय सत्यापन के समय आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराना प्रत्येक करदाता की जिम्मेदारी है।

बैठक में ईंट भट्ठा व्यवसाय से संबंधित विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं एवं सुझावों पर भी चर्चा की गई। विभाग द्वारा सभी संचालकों से अपील की गई कि वे पूर्ण पारदर्शिता के साथ व्यवसाय संचालित करें, तथा शासन द्वारा निर्धारित समस्त जीएसटी प्रावधानों का अनुपालन सुनिश्चित करें। उक्त संवाद कार्यक्रम में जीएसटी विभाग की ओर से उपायुक्त/कार्यालयाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, उपायुक्त पशुपति प्रताप सिंह, सहायक आयुक्त अमित सिंह, सहायक आयुक्त नीरज कुमार एवं राज्य कर अधिकारी विनोद कुमार उपस्थित रहें। कार्यक्रम में जनपद के ईंट भट्ठा संघ के पदाधिकारियों,विद्वान अधिवक्तागण ,आर एन.पटेल एडवोकेट,मोहम्मद मोईन एडवोकेट ,राम प्रसाद एडवोकेट , विजय मिश्रा एडवोकेट , मोहम्मद शाहिद एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में ईंट भट्ठा संचालकों ने सहभागिता करते हुए विभाग के साथ सकारात्मक संवाद स्थापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *