समावेशी विक्रेता विकास से उद्यमिता को नई उड़ान
खरगोन। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों (MSEs) को प्रोत्साहित करने तथा समावेशी उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एनटीपीसी खरगोन में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी खरगोन के परियोजना प्रमुख (HOP) केशब चंद्र सिन्हा राय ने सुश्री प्रतिभा सिंह, विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) तथा विजय मोहनलाल सोलंकी, विभागाध्यक्ष (संविदा एवं सामग्री प्रबंधन) की गरिमामयी उपस्थिति में किया। कार्यक्रम में SC/ST उद्यमियों के साथ-साथ एमएसएमई, नेशनल एससी-एसटी हब (NSSH), जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (DTIC), बैंकों, डीआईसीसीआई (DICCI) तथा अन्य हितधारक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अपने संबोधन में सिन्हा राय ने भारत सरकार की एमएसएमई नीति के अनुरूप SC/ST स्वामित्व वाले उद्यमों से खरीद को बढ़ावा देने के प्रति एनटीपीसी की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित उद्यमियों से इन अवसरों का लाभ उठाकर राष्ट्र के आर्थिक विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान एनटीपीसी की विक्रेता पंजीकरण प्रक्रिया, खरीद नीति, विभिन्न सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं, वित्तीय सहायता तथा डिजिटल खरीद प्लेटफॉर्म से संबंधित जानकारी साझा की गई। सीएंडएम, एनएसएसएच, डीटीआईसी, डीआईसीसीआई, जीईएम, भारतीय स्टेट बैंक एवं बैंक ऑफ इंडिया के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का समापन एक इंटरैक्टिव ओपन हाउस सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। यह पहल समावेशी उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा SC/ST उद्यमियों के लिए नए व्यावसायिक अवसर सृजित करने की दिशा में एनटीपीसी खरगोन की प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाती है।
