*केवल पूर्व में मतदाता सूची में पंजीकृत होने के आधार पर धारा-31 के तहत नहीं होगी कार्रवाई*
*भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन के लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिए गए निर्देश*
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) से पूर्व की मतदाता सूची में पंजीकृत रहे ऐसे निर्वाचकों, जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है, को फार्म-6 जमा करने के संबंध में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे पूर्व पंजीकृत निर्वाचकों द्वारा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 जमा करने पर उनके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-31 के अंतर्गत कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि आयोग के दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए इन्हें सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए। साथ ही, उपलब्ध संचार माध्यमों से इनका व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 से पूर्व की मतदाता सूची में पंजीकृत था, लेकिन वर्तमान मतदाता सूची में उसका नाम शामिल नहीं है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फार्म-6 बिना संकोच किये जमा कर सकता है। फार्म- 6 में पहली बार मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने संबंधी घोषणा के कारण उन्हें आशंका हो रही थी। केवल इस आधार पर कि वह पूर्व में मतदाता सूची में पंजीकृत था, उसके विरुद्ध मिथ्या घोषणा के लिए धारा-31 के अंतर्गत कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार यह छूट इस शर्त के अधीन है कि संबंधित निर्वाचक का नाम पहले से किसी अन्य विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में पंजीकृत न हो तथा फार्म-6 में उसके द्वारा की गई घोषणा विधि सम्मत हो।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें। यदि पूर्व में मतदाता सूची में नाम दर्ज होने के बावजूद वर्तमान सूची में नाम नहीं है, तो बिना किसी भय या संकोच के फार्म-6 जमा कर अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए आवेदन करें।
