11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में होगा इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026

Spread the love

इंडिया एक्सपो मार्ट में तैयारियों की समीक्षा, सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश*

*सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, विद्युत एवं वीवीआईपी प्रबंधन पर रहेगा विशेष फोकस*

लखनऊ। 11 से 13 अगस्त, 2026 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 एवं प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट की तैयारियों को लेकर यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह ने स्थानीय अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की।

बैठक में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, अग्निशमन, कानून-व्यवस्था तथा अतिथि प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी समस्त तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करते हुए आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित हो सके।

बैठक में बताया गया कि इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) एवं एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के सहयोग से आयोजित इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी में देश-विदेश के उद्योग विशेषज्ञ, निवेशक, नीति-निर्माता एवं प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट तथा अन्य स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों से जुड़े विषयों पर मंथन होगा।

बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह, इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) के डायरेक्टर जनरल संजय गंजू, एडिशनल पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *