एनटीपीसी फरक्का की सीएसआर पहल के तहत मालदा एवं मुर्शिदाबाद में 3.1 किमी पीसीसी सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ

Spread the love

फरक्का / क्षेत्रीय समुदायों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं विकसित करने और ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनटीपीसी फरक्का ने अपनी नैगमिक सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल के तहत मालदा जिले के कालियाचक-III ब्लॉक तथा मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का ब्लॉक में कुल 3.1 किलोमीटर लंबी प्लेन सीमेंट कंक्रीट (पीसीसी) सड़कों के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाना तथा स्थानीय लोगों को विद्यालयों, कार्यस्थलों और अन्य आवश्यक सामुदायिक सुविधाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है।

इस परियोजना के अंतर्गत कालियाचक-III ब्लॉक में बिहारी टोला से अख्तर टोला होते हुए बीरनगर हाई स्कूल तक 2 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क तथा गामोन पाड़ा में 100 मीटर लंबी पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं, फरक्का ब्लॉक के धर्मडांगा में 300 मीटर तथा महेशपुर में 700 मीटर लंबी पीसीसी सड़कों का निर्माण भी किया जाएगा। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से दोनों जिलों के अनेक गांवों की संपर्क व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।

निर्माण कार्य का शुभारंभ पारंपरिक नारियल फोड़कर किया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी फरक्का के अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) आलोक कुमार रणबीर, मानव संसाधन-सीएसआर विभाग एवं एयूडी (सिविल) के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी भाग लिया और इस जनहितकारी पहल के लिए एनटीपीसी फरक्का के प्रति आभार व्यक्त किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों तथा अन्य ग्रामीणों को वर्षभर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, बाजारों तथा अन्य आवश्यक सामुदायिक संस्थानों तक पहुंच आसान होने से स्थानीय लोगों के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को भी नई गति मिलेगी।

भारत की सबसे बड़ी एकीकृत विद्युत उपयोगिता कंपनी के रूप में एनटीपीसी अपने सीएसआर कार्यक्रमों के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन के साथ-साथ समाज के समग्र विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है। एनटीपीसी फरक्का शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण आधारभूत संरचना, कौशल विकास, स्वच्छता एवं सामुदायिक कल्याण जैसे क्षेत्रों में विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन कर आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *