भर्रा XI ने जीता ‘पीटर थंगराज मेमोरियल’ ग्रामीण युवा फुटबॉल चैंपियनशिप का ख़िताब

Spread the love
बोकारो। इस्पात संयंत्र के क्रीड़ा एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग के तत्वावधान में आयोजित “पीटर थंगराज मेमोरियल' ग्रामीण युवा फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27” का  ख़िताब भर्रा XI की टीम ने जीत लिया है.  03 अगस्त को ट्रेनीज़ हॉस्टल मैदान में आयोजित फाइनल मुकाबले में भर्रा XI की टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए परटांड़ को 3-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. इस अवसर पर बीएसएल के निदेशक प्रभारी,  अधिशासी निदेशक, अन्य वरीय अधिकारी,   क्रीड़ा एवं नागरिक सुविधाएँ के वरीय अधिकारी व उनकी टीम तथा तथा खेल प्रेमी उपस्थित थे .
समापन समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ-साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया. विजेता टीम को ट्रॉफी, 10,000 रुपये की नगद पुरस्कार तथा खिलाड़ियों व टीम प्रबंधन हेतु ट्रैक सूट प्रदान किए गए, जबकि उपविजेता टीम को ट्रॉफी, 5,000 रुपये नगद पुरस्कार तथा ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में नकीब हसन शाह (सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर), कुंदन तुरी (सर्वोच्च स्कोरर  - 3 गोल), राजीव हंसदा (सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइकर), शिवराम टुडू (सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर), सुब्रत महतो (सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर), सुजय मुर्मू (फाइनल मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) तथा सुशील सोरेन (टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) को 1,000 रुपये प्रति खिलाड़ी व सेल सेलम स्टील गिफ्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया. साथ ही अन्य टीमों के कोच, मैनेजर व रेफरी दल को टी-शर्ट दिया गया.
उल्लेखनीय है कि इस टूर्नामेंट का आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र के पूर्व कर्मचारी (1976-1997), अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित, पूर्व ओलंपियन फुटबॉलर तथा वर्ष 1958 में 'एशिया के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर' रहे स्वर्गीय पीटर थंगराज की स्मृति में किया गया. प्रतियोगिता में बोकारो ग्रामीण फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 की 8 शीर्ष टीमों - भर्रा XI, तुपकाडीह, परटांड, झोपड़ो, नरकरा, राधानगर, शिबुटांड़ और सेल फुटबॉल अकादमी ने भाग लिया. प्रतियोगिता के अंतर्गत 29 जुलाई को राउंड ऑफ ऐट्स मुकाबले खेले गए, जबकि 31 जुलाई को रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें टीमों ने अपने खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *