दिव्यांग बालिकाओं सुश्री नूपुर पिदाबी एवं सुश्री अक्षरा शंभरकर को व्हीलचेयर एवं ट्राइसाइकिल भेंट की गई
नागपुर, : सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सेवा भावना के अंतर्भाव से आज डब्ल्यूसीएल झंकार महिला मंडल, नागपुर द्वारा संस्कृतिक भवन, नागपुर में एक सेवा गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रीना पांडे द्वारा दो दिव्यांग बालिकाओं सुश्री नूपुर पिदाबी एवं सुश्री अक्षरा शंभरकर को उनकी दैनिक आवश्यकताओं एवं आवागमन को सुगम बनाने हेतु क्रमशः एक व्हीलचेयर एवं एक ट्राइसाइकिल भेंट की गई। इस सहयोग से दोनों बालिकाओं की गतिशीलता में उल्लेखनीय सुविधा होगी तथा वे अपने दैनिक कार्य अधिक आत्मनिर्भरता एवं सहजता से कर सकेंगी। इस अवसर पर झंकार महिला मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती रोज़लीन घोष, डॉ. अर्चना कुमारी, श्रीमती श्रुति परांजपे, डॉ. सोनाली म्हेत्रे, झंकार महिला मंडल की अन्य सदस्याएँ तथा क्षेत्रीय समितियों की अध्यक्षाएं, संगिनी कला मंच एवं मयूरी कला निकेतन सोसायटी के पदाधिकारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे ।
सुश्री नूपुर पिदाबी एवं सुश्री अक्षरा शंभरकर तथा उनके परिजनों ने झंकार महिला मंडल की इस मानवीय पहल के लिए अपनी हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती रीना पांडे एवं झंकार महिला मंडल का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग उनके दैनिक आवागमन एवं जीवन को अधिक सुगम बनाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। नूपुर तैराकी के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं तथा अक्षरा विद्यालय में शिक्षिका बनना चाहती हैं। इस अवसर पर उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज के जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता एवं सहयोग की भावना को आगे भी निरंतर बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया। झंकार महिला मंडल द्वारा समय-समय पर इस प्रकार की जनकल्याणकारी एवं समाजोपयोगी गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है, जिससे समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है।
