उत्तर मध्य रेलवे के 05 शहरों के 24 परीक्षा केन्द्रो पर 1,183 पदों पर होगा चयन
सीसीटीवी निगरानी और आरपीएफ जवानों की रहेगी पैनी नजर
सुचारू संचालन हेतु प्रत्येक केंद्र पर तैनात किए जाएंगे रेलवे अधिकारी
प्रयागराज। भारतीय रेलवे द्वारा स्तर-1 के कुल 22,195 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की जाने वाली कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न कराने हेतु उत्तर मध्य रेलवे तथा रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) प्रयागराज द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह विस्तृत परीक्षा 03 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक कुल 16 परीक्षा दिवसों में 48 पारियों (Shifts) में आयोजित की जाएगी। इस राष्ट्रव्यापी परीक्षा अभियान में देशभर के 144 शहरों में स्थित 335 परीक्षा केंद्रों पर 52,39,620 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
आरआरबी/प्रयागराज के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत यह परीक्षा कुल 28 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न कराई जाएगी। इनमें से उत्तर प्रदेश के विभिन्न प्रमुख शहरों-प्रयागराज, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और मुरादाबाद-में 25 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि शेष 03 केंद्र उत्तराखंड के रुड़की और देहरादून शहरों में बनाए गए हैं। इस व्यापक भर्ती अभियान के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे के तीनों मंडलों एवं वर्कशॉप में 09 श्रेणियों के अंतर्गत कुल 1,183 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।
विभिन्न मंडलों के अंतर्गत परीक्षा केंद्रों और वहां तैनात किए जाने वाले रेलवे समन्वयकों (Officers) का विस्तृत विवरण इस प्रकार है:-
प्रयागराज मंडल:- प्रयागराज मंडल के तहत प्रयागराज शहर में 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां व्यवस्था और पर्यवेक्षण के लिए 16 आवश्यक रेलवे समन्वयकों (अधिकारियों) को तैनात किया गया है। इसी मंडल के कानपुर नगर में 04 परीक्षा केंद्र स्थापित हैं, जिनके लिए 07 रेलवे समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, अलीगढ़ में 02 परीक्षा केंद्रों के सफल संचालन हेतु 04 रेलवे समन्वयकों की ड्यूटी लगाई गई है। आगरा मंडल:- आगरा मंडल के आगरा शहर में कुल 07 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए 13 रेलवे समन्वयकों (अधिकारियों) को जिम्मेदारी सौंपी गई है। झाँसी मंडल:- झाँसी मंडल के झाँसी शहर में 01 परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिसके पर्यवेक्षण के लिए 02 आवश्यक रेलवे समन्वयकों की तैनाती की गई है।
परीक्षा को बिना किसी बाधा के और शत-प्रतिशत पारदर्शिता के साथ आयोजित करने के लिए निम्नलिखित विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं:- 1. अधिकारियों की केंद्र समन्वयक के रूप में तैनाती: परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 1 रेलवे अधिकारी को केंद्र समन्वयक (Centre Coordinator) के रूप में तैनात किया गया है, जबकि बड़े परीक्षा केंद्रों पर 2-2 अधिकारियों की तैनाती की गई है। 2. पर्याप्त कर्मचारी बल: अभ्यर्थियों की सहायता, चेकिंग एवं परीक्षा प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 1:100 के अनुपात में कर्मचारियों को तैनात किया गया है (अर्थात प्रति 100 अभ्यर्थियों पर 1 कर्मचारी)। 3. कंट्रोल रूम एवं 100% CCTV कवरेज: संपूर्ण परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की सीधी निगरानी में रखा जाएगा। कंट्रोल रूम के संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
4. कर्मचारियों का गहन प्रशिक्षण: परीक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी नियमों, एसओपी (SOP) और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का पूर्ण प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 5. जिला प्रशासन एवं पुलिस से समन्वय: परीक्षा तिथियों के दौरान केंद्रों के आसपास शांति, कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए संबंधित ज़िला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से सहयोग और सहायता हेतु अनुरोध किया गया है। रेलवे प्रशासन सभी परीक्षार्थियों से अनुरोध करता है कि वे अपने ई-कॉल लेटर में दिए गए निर्देशों का ध्यानपूर्वक पालन करें, निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और परीक्षा की गरिमा व पारदर्शिता बनाए रखने में सहयोग करें।
