सीएसआर रेनुसागर द्वारा विशेष नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

Spread the love

181 लाभार्थियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, नि:शुल्क दवाइयों एवं दंत स्वच्छता सामग्री का वितरण

अनपरा, सोनभद्र। हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेनुपावर डिवीजन, रेनुसागर के यूनिट हेड आर.पी. सिंह के मार्गदर्शन एवं हेड एचआर आशीष पांडेय के दिशा-निर्देशन में ग्रामीण विकास विभाग, रेनुसागर द्वारा निगमित सामाजिक दायित्व (CSR) के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय, पूर्वी परासी में विशेष नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नि:शुल्क पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में रेनुसागर चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। फिजीशियन डॉ. मनोज कुमार, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप कुमार सिंह एवं दंत चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार सिंह ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। शिविर में कुल 181 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। दंत चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दंत परीक्षण के उपरांत लाभार्थियों को टूथब्रश एवं टूथपेस्ट भी वितरित किए तथा दांतों की स्वच्छता एवं नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया।

इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के प्रभारी संजीव कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित मरीजों एवं गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे चिकित्सा शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गौरतलब है कि हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेनुपावर डिवीजन, रेनुसागर द्वारा सीएसआर के अंतर्गत दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी राजनाथ यादव, रमेश गुप्ता, महेंद्र, आशा तिवारी एवं रेखा का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर समाजसेवी राजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *