सोनभद्र। हिंडालको रेनुसागर के यूनिट हेड आर पी सिंह के मार्गदर्शन में हेड एच आर आशीष पांडेय के दिशा निर्देशन में पर्यावरण विभाग के तत्वावधान में ‘प्लास्टिक फ्री जुलाई’ अभियान के अंतर्गत कॉलोनी परिसर के दुकानदारों के बीच सैकड़ों कपड़े के बैग वितरित किए गए। पर्यावरण विभाग के प्रभारी कमलेश मौर्य ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्लास्टिक प्रदूषण पृथ्वी, जल स्रोतों, वन्यजीवों एवं मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में हिंडाल्को कार्पोरेट द्वारा निर्देशित “प्लास्टिक फ्री जुलाई” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जन-जागरूकता का सशक्त माध्यम है। इस पहल का उद्देश्य एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को कम करना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
इस अवसर पर पर्यावरण विभाग के अधिकारियों अजय कुमार मिश्रा ने दुकानदारों से अपील की कि वे प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग बंद कर ग्राहकों को कपड़े के बैग उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करें। पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और छोटे-छोटे प्रयासों से स्वच्छ एवं हरित वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित दुकानदारों ने हिंडालको रेनुसागर की इस पहल की सराहना करते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के बैग के उपयोग का संकल्प लिया। कम्पनी द्वारा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता से जुड़े ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाने की बात कही गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजनाथ यादव,शोभित कुमार, शेषनाथ पाठक, भोला यादव, सुनील सिंह, शाशि चौबे का सराहनीय सहयोग रहा।
