सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आधार प्रमाणीकरण एवं आधार कार्ड निर्माण से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विभागों के पास आधार कार्ड बनाने एवं आधार प्रमाणीकरण हेतु मशीनें उपलब्ध हैं, वे बच्चों के आधार कार्ड बनाने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि आधार आज प्रत्येक नागरिक की पहचान का महत्वपूर्ण दस्तावेज है तथा शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आधार का अद्यतन एवं प्रमाणीकरण अत्यंत आवश्यक है। कहा कि विशेष रूप से नवजात एवं छोटे बच्चों का आधार कार्ड समयबद्ध रूप से बनाया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने से पूर्व प्रत्येक व्यक्ति अपने आधार का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से करा ले, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या अथवा सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस संबंध में व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (आईसीडीएस) विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग को बच्चों के आधार कार्ड बनाने हेतु आधार नामांकन मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। इन विभागों के माध्यम से विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों पर बच्चों के आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। वहीं बैंकों एवं डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) में आम नागरिकों के आधार कार्ड बनाने, आधार में संशोधन एवं बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए शत-प्रतिशत पात्र बच्चों के आधार कार्ड बनाए जाएं तथा समय पर उनका बायोमेट्रिक अपडेट भी सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला सांख्यिकी अधिकारी संतपाल वर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में आधार प्रमाणीकरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनहितकारी बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
आधार प्रमाणीकरण एवं आधार कार्ड निर्माण से संबंधित डीएम ने की समीक्षा
