मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना अंतर्गत शिक्षकों को रुपया 7.5 लाख तक के निःशुल्क उपचार हेतु कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित

Spread the love

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जी के सम्बोधन का कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ सजीव प्रसारण

सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ अनुबंध कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के 1.28 लाख से अधिक उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों एवं उनके परिवारों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में देखा गया।

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार, सोनभद्र में उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को रूपया 7.5 लाख तक के निःशुल्क कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान करने वाले चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम का आयोजन जनपद के उच्च शिक्षा के नोडल महाविद्यालय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ओबरा के तत्वावधान में संपन्न हुआ।  समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षकों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा कवच है, जिससे वे आर्थिक चिंता से मुक्त होकर पूर्ण समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। उन्होंने शिक्षकों से इस योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान भी किया।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शिक्षक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।  उन्होंने कहा कि यह योजना शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को सूचीबद्ध अस्पतालों में रुपया 7.5 लाख तक की कैशलेस उपचार सुविधा उपलब्ध कराएगी, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी और वे अधिक उत्साह एवं समर्पण के साथ विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकेंगे।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए प्रारम्भ की गई यह योजना अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी है। इससे शिक्षकों एवं उनके पात्र आश्रितों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा आकस्मिक चिकित्सा व्यय का आर्थिक बोझ कम होगा। कार्यक्रम का सफल एवं गरिमामय संचालन जिला समन्वयक (महिला कल्याण) साधना मिश्रा द्वारा किया गया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य मोहन सिंह कुशवाहा, डा0 सुधीर कुमार मिश्रा, डा0 अजली विक्रम सिंह और जनपद के विभिन्न राजकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण तथा प्रशासनिक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *