दो चार पहिया वाहन से 488 बोतल शराब लेकर बिहार जा रहे थे अंतरप्रांतीय शराब तस्कर
अहरौरा, मिर्जापुर। स्थानीय पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को सुबह वाराणसी से सोनभद्र की तरफ जा रहे दो संदिग्ध वाहनों को वाराणसी शक्ति नगर रोड पर स्थित वनस्थली महाविद्यालय के पास सघन वाहन चेकिंग कर 2 चार पहिया वाहनों एक टाटा सफारी व एक स्कोडा कार से 3 लोगों सूर्य प्रताप शुक्ला पुत्र केशव शुक्ला निवासी जैतपुर थाना नगर उटारी जिला गढ़वा(झारखण्ड), अनिल यादव पुत्र दीनदयाल यादव निवासी रामपुर अदलहाट मीरजापुर, व सत्यम कुमार पुत्र विजय कुमार मेहता निवासी अरंगी थाना मेराल जिला गढ़वा(झारखण्ड) को हिरासत में लेकर पूछताछ किया और दोनों वाहनों की तलाशी ली गयी तो वाहनों में छिपाकर बिहार ले जायी जा रही कुल 488 बोतल अलग-अलग ब्राण्ड की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई ।
हिरासत में लिए गए तीनों आरोपियों से थाने लाकर पूछताछ की गयी तो सूर्य प्रताप शुक्ला और सत्यम कुमार ने बताया गया कि हम दोनों अपनी कार से मीरजापुर आते है और अनिल यादव के माध्यम से विभिन्न दुकानों से अंग्रेजी शराब खरीदकर गाड़ी में लादकर बिहार ले जाकर अधिक दाम पर बेचते है । अनिल यादव क्षेत्र के जिगना में स्थित कम्पोजिट वाईन शॉप पर सेल्समैन का काम करता है । शराब का परिवहन करने के समय गाड़ी का नम्बर प्लेट फर्जी लगा देते है । थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया की शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को सीज करते हुए तीनों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
