एनटीपीसी दर्लीपाली के नाम पर फर्जी भर्ती विज्ञापन से सावधान, कंपनी ने जारी की एडवाइजरी

Spread the love

दर्लीपाली। जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जानकारी दी गई है कि एनटीपीसी दर्लीपाली के नाम और लोगो का दुरुपयोग कर फर्जी भर्ती विज्ञापन प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इसे गंभीरता से लेते हुए कंपनी ने आम जनता और नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सार्वजनिक सलाह (पब्लिक एडवाइजरी) जारी की है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया, ई-मेल अथवा अन्य माध्यमों से प्रसारित किए जा रहे ऐसे भर्ती विज्ञापनों का एनटीपीसी दर्लीपाली से कोई संबंध नहीं है। कंपनी के अनुसार कुछ असामाजिक तत्व नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं को ठगने का प्रयास कर रहे हैं।

एनटीपीसी दर्लीपाली ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अनधिकृत भर्ती विज्ञापन, फोन कॉल या संदेश के आधार पर किसी व्यक्ति अथवा संस्था को धनराशि का भुगतान न करें। कंपनी की सभी नियुक्तियां निर्धारित एवं पारदर्शी प्रक्रिया के तहत केवल अधिकृत माध्यमों से की जाती हैं और भर्ती संबंधी सभी सूचनाएं आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर ही जारी की जाती हैं।

कंपनी ने कहा है कि किसी भी भर्ती संबंधी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें। यदि कोई संदिग्ध भर्ती विज्ञापन या संदेश प्राप्त होता है तो उसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें। एनटीपीसी दर्लीपाली ने मीडिया और आम नागरिकों से भी इस जनहित सूचना को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि बेरोजगार युवाओं को फर्जी भर्ती के नाम पर होने वाली ठगी और आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *