बीजपुर। एनटीपीसी रिहंद ने 12 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश भर में आयोजित राज्यव्यापी वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया। यह अभियान “एक पेड माँ के नाम” थीम के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार करना तथा जनसामान्य में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इस वृक्षारोपण अभियान में एनटीपीसी रिहंद के कर्मचारियों एवं उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा निकटवर्ती वन क्षेत्र में लगभग 300 पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री संजय असाटी, कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख (रिहंद) द्वारा लाल चंदन का पौधा रोपित कर किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
इस अवसर पर असाटी ने सभी प्रतिभागियों को वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने उपस्थित जनों से न केवल अधिकाधिक वृक्ष लगाने, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया, ताकि उनका स्वस्थ विकास हो सके। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण का निर्माण हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस अभियान के अंतर्गत तथा अपने सतत हरित प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए एनटीपीसी रिहंद ने वर्तमान मानसून सत्र के दौरान निकटवर्ती वन क्षेत्रों में कुल 40,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह महत्वाकांक्षी पहल क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने के साथ-साथ जैव विविधता संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी। कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की उत्साहपूर्ण भागीदारी एनटीपीसी रिहंद की पर्यावरणीय उत्तरदायित्व, पारिस्थितिक संतुलन तथा सामुदायिक सहभागिता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऐसे जनहितकारी एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रयासों के माध्यम से एनटीपीसी रिहंद एक स्वच्छ, हरित और सतत भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है।
