हाजीपुर: शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल की ‘मंडल संसदीय समिति‘ की बैठक का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, डीडीयू के सभागार में किया गया । इस बैठक में पं.दीन दयाल उपाध्याय मंडल क्षेत्राधिकार के सांसदगण ने भाग लिया । बैठक की अध्यक्षता पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम द्वारा की गयी । बैठक में सांसदगण द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास हेतु अपने-अपने सुझावों को रखा गया । इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, पं.दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारीगण उपस्थित थे ।
इस बैठक में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम, चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह, काराकाट के सांसद राजा राम सिंह, आरा के सांसद सुदामा प्रसाद, सासाराम के सांसद मनोज कुमार, औरंगाबाद के सांसद अभय कुमार सिन्हा तथा राज्य सभा की सांसद श्रीमती साधना सिंह उपस्थित थे। इनके अलावा केंद्रीय मंत्री सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम, भारत सरकार सह गया के सांसद जीतन राम मांझी के प्रतिनिधि राजेश कुमार पाण्डेय, बक्सर के सांसद सुधाकर सिंह के प्रतिनिधि अजीत कुमार तथा राज्य सभा की सांसद श्रीमती दर्शना सिंह के प्रतिनिधि विवेकानंद केसरी उपस्थित थे । बैठक में सांसदगण ने रेल विकास व यात्री सुविधाओं में और वृद्धि एवं उसे सुदृढ़ करने के संबंध में बहुमूल्य सुझाव दिये। सांसदगण द्वारा आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया । साथ ही बैठक में भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई ।
बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने सांसदगण एवं सांसद के प्रतिनिधिगण का स्वागत करते हुए कहा कि यह बैठक रेलवे एवं जनप्रतिनिधियों के मध्य संवाद का एक सशक्त माध्यम है और आपके सुझाव हमें सेवा की गुणवत्ता में और सुधार लाने हेतु प्रेरित करते हैं । महाप्रबन्धक ने अपने स्वागत संबोधन में पं.दीन दयाल उपाध्याय मंडल द्वारा यात्री सुविधा, आधारभूत संरचनाओं के विकास आदि के क्षेत्र में किए गए कार्यों एवं नई परियोजनाओं से सांसदगण को अवगत कराया। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान मंडल द्वारा 92 हजार से अधिक यात्री ट्रेनों का सफल परिचालन किया गया । परिचालन क्षमता बढ़ाने की दिशा में डीडीयू-मानपुर रेलखंड पर 180 किमी प्रति घंटा की गति परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया । साथ ही रिकॉर्ड 4.5 किमी लंबी रुद्रास्त्र मालगाड़ी का सफल संचालन किया गया। वैगन रखरखाव में दिसंबर माह में 905 वैगनों की रूटीन ओवरहॉलिंग कर भारतीय रेल में सर्वाधिक मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया गया। इससे मालगाड़ियों की उपलब्धता एवं विश्वसनीयता को और मजबूती मिली है । अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य प्रगति पर है । उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने हेतु गया स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य तेजी से प्रगति पर है । महाप्रबंधक ने सांसदों से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुझाव हमें भविष्य में रेल विकास कार्यों की रूप-रेखा तय करने में काफी सहायक सिद्ध होगा ।
