कोयला भवन मुख्यालय में बीसीसीएल महिला कल्याण समिति की बैठक का आयोजन

Spread the love

धनबाद। कोयला भवन मुख्यालय में आज बीसीसीएल महिला कल्याण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया ने की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (मानव संसाधन)  कुमार मनोज, महाप्रबंधक (सिक्यूरिटी)  हफीजुल कुरैशी, महाप्रबंधक (खनन/एचआरडी)  सुधाकर प्रसाद, नोडल अधिकारी (वीआईपी सेल/एससी-एसटी प्रकोष्ठ) श्रीमती निर्मला किरण सहित महिला कल्याण समिति की प्रबंधन प्रतिनिधियों एवं विभिन्न श्रमिक संगठनों की महिला प्रतिनिधियों/सदस्याओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता की। प्रबंधन की ओर से समिति की अध्यक्षा एवं सीएमओ (सीएचडी) डॉ. बंदना, विभागाध्यक्ष (कल्याण)-सह-समिति समन्वयक श्रीमती किरण रानी नायक, उप-मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएचडी) डॉ. मंजरी सिंह, वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती गार्गी मुखोपाध्याय तथा वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती योगिता सकलानी बैठक में उपस्थित रहीं।

विभिन्न श्रमिक संगठनों की महिला प्रतिनिधियों के रूप में श्रीमती सरोज गौतम (जनता मजदूर संघ), श्रीमती मंजू देवी (बिहार कोल माइनर्स यूनियन), श्रीमती रेखा कुमारी (धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ), श्रीमती प्रीति भारती (बिहार कोलियरी कामगार यूनियन) तथा श्रीमती जूली देवी (यूसीडब्ल्यूयू) ने बैठक में भाग लिया। विदित हो कि महिला कल्याण समिति की पूर्व अध्यक्षा एवं सीएमएस डॉ. पूनम दुबे के सेवानिवृत्त होने के उपरांत समिति के अध्यक्ष पद पर सीएमओ, सीएचडी एवं मुख्यालय, डॉ. बंदना को नामित किया गया है। इसके अतिरिक्त धनबाद कोलियरी कर्मचारी संघ की महिला प्रतिनिधि श्रीमती रानी गोस्वामी के स्थान पर श्रीमती रेखा कुमारी, सामान्य सहायक (जनरल असिस्टेंट), को भी समिति का नया सदस्य नामित किया गया है। बैठक के दौरान दोनों नव-नामित सदस्यों का समिति के समस्त सदस्यों से औपचारिक परिचय कराया गया। निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरली कृष्ण रमैया ने नवागंतुक सदस्यों का शॉल एवं पौधा भेंट कर स्वागत करते हुए उनके सफल एवं सक्रिय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया ने कहा कि बीसीसीएल द्वारा महिला कल्याण समिति का गठन कोल इंडिया में अपनी तरह की पहली एवं महत्वपूर्ण पहल है, जो महिला कर्मचारियों के कल्याण, सुरक्षा, समान अवसर तथा सशक्तिकरण के प्रति कंपनी की दृढ़ प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने महिला समिति की सभी सदस्यों से कर्मचारी हितों विशेषकर महिलाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक पहल करते हुए उनके सुझावों को संगठन के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने तथा कार्यस्थल पर संवेदनशील, सहभागी एवं समावेशी कार्यसंस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सक्रिय योगदान का आह्वाहन किया।

सीएमओ, डॉ. बंदना ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि महिला कल्याण समिति का गठन बीसीसीएल में कार्यरत महिला कर्मचारियों के हितों, सुरक्षा, सम्मान एवं समग्र कल्याण से जुड़े विषयों पर समन्वित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने समिति की सभी सदस्याओं से महिला कल्याण से जुड़े विषयों पर अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा सकारात्मक योगदान देने का आग्रह किया।  कार्यक्रम के दौरान पिछली बैठक के कार्यवृत्त पर चर्चा करते हुए कार्यस्थलों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, महिला कर्मचारियों हेतु विश्राम कक्ष (रेस्ट रूम) का निर्माण, क्षेत्रीय स्तर पर महिला कल्याण समितियों का गठन, समिति सदस्यों को पहचान-पत्र जारी करने, अस्पतालों एवं औषधालयों का समय-समय पर निरीक्षण तथा अन्य कल्याणकारी उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। भावी कार्ययोजना एवं आगामी बैठक की रूपरेखा पर भी सहमति बनी। सभी कार्यसूची बिंदुओं पर अध्यक्ष महोदय एवं समिति की अध्यक्षा की सहमति उपरांत आवश्यक निर्णय लिए गए तथा महिला कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों पर समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।कार्यक्रम का समापन विभागाध्यक्ष (कल्याण) श्रीमती किरण रानी नायक द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *