धनबाद मंडल संसदीय समिति की बैठक का आयोजन किया गया

Spread the love

हाजीपुर । बुधवार को धनबाद मंडल की ‘मंडल संसदीय समिति‘ की बैठक का आयोजन धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया । इस बैठक में धनबाद मंडल क्षेत्राधिकार के  सांसदगण उपस्थित थे । बैठक की अध्यक्षता  सांसद  विष्णु दयाल राम द्वारा किया गया ।  सांसद  ढुलू महतो,  सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी तथा सांसद  कालीचरण सिंह बैठक में उपस्थित हुए ।

साथ ही  केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी,  केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, केंद्रीय  रक्षा राज्य मंत्री  संजय सेठ,  सांसद  मनीष जायसवाल,  सांसद डॉ. राजेश मिश्र, सांसद डॉ. सरफराज अहमद,  सांसद  छोटे लाल,  सांसद  आदित्य प्रसाद, सांसद  प्रदीप कुमार वर्मा तथा सांसद श्रीमती महुआ माजी के प्रतिनिधि आज की बैठक में उपस्थित थे । सांसदगण द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास तथा यात्री सुविधाओं में और वृद्धि एवं उसे सुदृढ़ करने के संबंध में बहुमूल्य सुझाव दिये गए । सांसदगण द्वारा आधारभूत संरचनाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने पर बल दिया गया । साथ ही बैठक में भविष्य की कार्य योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई । इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक  छत्रसाल सिंह, धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक  अखिलेश मिश्र सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारीगण उपस्थित थे ।

इसके पूर्व बैठक के प्रारंभ में महाप्रबंधक  छत्रसाल सिंह ने सांसदगण एवं सांसद प्रतिनिधियों का स्वागत किया । महाप्रबंधक ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि धनबाद मंडल द्वारा यात्री सुविधा की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। महाप्रबंधक ने कहा कि धनबाद मंडल भारतीय रेल में माल लदान में महत्वपूर्ण स्थान रखता है एवं वर्तमान वित्तीय वर्ष में भी धनबाद मंडल द्वारा माल लदान एवं इससे प्राप्त आय दोनों में भारतीय रेल के सभी मंडलों में प्रथम स्थान प्राप्त करने का गौरव हासिल हुआ है । महाप्रबंधक ने माननीय सांसदों को अवगत कराया कि यात्री सुविधा के क्षेत्र में कार्य करते हुए गुरपा, पाथरडीह एवं कतरासगढ़ सहित 3 स्टेशनों पर उपरगामी पुल का निर्माण, 4 स्टेशनों के प्लेटफार्म का विस्तार एवं उच्चीकरण का कार्य पूरा किया गया है । कोडरमा, गोमोह एवं कतरासगढ़ स्टेशनों पर नये स्टेशन भवन का निर्माण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए धनबाद एवं चोपन से भोपाल, धनबाद से पोत्तनूर, धनबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनल एवं धनबाद से भुवनेश्वर के नई ट्रेन सेवा की शुरूआत की गयी है। दानापुर-राजगीर के मध्य चल रही गाड़ी सं. 13233/34 का विस्तार कोडरमा तक किया गया है । साथ ही कई ट्रेनों का ठहराव मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर दिया गया है । यात्रियों की सुविधा के लिए बरकाकाना स्टेशन पर रेल कोच रेस्टोरेंट खोला गया है । अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रारंभिक चरण में 15 स्टेशनों पर दीर्घकालिक दृष्टिकोण से विकास कर कायाकल्प किया जा रहा है एवं कार्य प्रगति पर है । एक स्टेशन एक उत्पाद के तहत 26 स्टेशनों पर स्टॉल/ट्रॉली लगाए गए हैं जिससे क्षेत्र के हस्तशिल्पियों एवं स्थानीय उत्पाद को उत्सावर्धन तथा उत्पाद को एक बेहतर बाजार मिल रहा है । महाप्रबंधक ने  सांसदों से प्राप्त बहुमूल्य सुझावों के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुझाव हमें भविष्य में रेल विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में काफी सहायक सिद्ध होगा ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *