‘ पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा व वन विभाग के अधिकारियों ने भी लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सोनभद्र। प्रदेश सरकार के ‘पेड़ है तो प्राण है’ महाअभियान और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को नगर पंचायत चुर्क के वार्ड संख्या-1 स्थित ईदगाह प्रांगण में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के सांसद छोटेलाल खरवार और सपा के पूर्व सदर विधायक अविनाश कुशवाहा ने संयुक्त रूप से फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी अनामिका गौतम ने भी सांसद के साथ सागौन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट से निपटने के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकता है। वन क्षेत्राधिकारी अनामिका गौतम ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पेड़ केवल छाया और ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए जनप्रतिनिधियों ने कहा कि वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष रामनिहोर यादव, सपा जिला महासचिव सईद कुरैशी, अजय कुमार निषाद, राजनाथ यादव, मनोज सिंह, असलम खान, पेवारु यादव, राजू मौर्य सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वन विभाग से वन दारोगा बबुआ यादव, एफएसओ पवन सिंह, सचिन यादव, बीट प्रभारी रवि तिवारी, वन दारोगा चंदन कुमार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
