एपीसीपीएल को 16वें ईईएफ ग्लोबल सेफ्टी अवॉर्ड्स 2026 में गोल्ड श्रेणी का सम्मान

Spread the love

झज्जर।झाड़ली स्थित एपीसीपीएल पॉवर प्लांट को कार्यस्थल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 16वें ईईएफ ग्लोबल सेफ्टी अवॉर्ड्स 2026 में गोल्ड श्रेणी का प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया है। यह सम्मान कंपनी को वर्ष 2019 से लगातार शून्य दुर्घटना मृत्यु रिकॉर्ड बनाए रखने, मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने और डिजिटल सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए दिया गया।

यह पहली बार है जब एपीसीपीएल को ऊर्जा एवं पर्यावरण फाउंडेशन द्वारा यह सम्मान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि सुरक्षा, जिम्मेदार कार्यप्रणाली और सतत विकास के प्रति कंपनी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

यह पुरस्कार नई दिल्ली स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 16वें ग्लोबल सेफ्टी अवॉर्ड्स समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय के पूर्व सचिव अनिल रज़दान ने यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड के पूर्व प्रबंध निदेशक ए.के. बल्यान तथा रिवेले एनर्जी एलएलपी के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक कर्नल रोहित देव भी उपस्थित रहे।

एपीसीपीएल की ओर से  नारायण प्रसाद वर्मा(एजीएम – सी एंड आई),शिवराम प्रसाद (सीनियर मैनेजर – सेफ्टी)तथा निधि वैद(सीनियर असिस्टेंट ऑफिसर – एफ एंड ए) ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

ग्लोबल सेफ्टी अवॉर्ड्स समारोह के साथ-साथ ऊर्जा, पर्यावरण और सतत विकास से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनमें 17वां वर्ल्ड रिन्यूएबल एनर्जी टेक्नोलॉजी कांग्रेस, 10वां वर्ल्ड वाटर समिट 2026, 6वां वर्ल्ड वेस्ट टू वेल्थ समिट एंड एक्सपो तथा 7वां वर्ल्ड हाइड्रोजन एनर्जी समिट शामिल रहे। इन मंचों पर देश-विदेश के नीति-निर्माताओं, उद्योग विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं ने भविष्य की चुनौतियों और संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

ईईएफ ग्लोबल सेफ्टी अवॉर्ड्स 2026 में गोल्ड श्रेणी का यह सम्मान पॉवर प्लांट की उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह सम्मान कंपनी को भविष्य में भी सुरक्षा के उच्च मानकों को बनाए रखने, कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने और जिम्मेदार एवं सुरक्षित संचालन के अपने संकल्प को और मजबूत करने के लिए प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *