लखनऊ :
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी के साथ आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश ने विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किये हैं। डबल इंजन सरकार प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानती है, इसे ध्यान में रखकर अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक जरूरतमन्द को बिना भेदभाव के निःशुल्क राशन, रसोई गैस कनेक्शन, 05 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर, पेंशन, आवास, शौचालय आदि सुविधाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक विकसित भारत व विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में अपना अमूल्य योगदान दे रहा है।
मुख्यमंत्री आज जनपद सहारनपुर में सहारनपुर नगर एवं सहारनपुर देहात विधान सभा क्षेत्रों की 613 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 10 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के पश्चात आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें 32 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 07 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 581 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 03 परियोजनाआें का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, चाभी, प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, टूलकिट आदि प्रदान किए। मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा लगाये गये विभिन्न उत्पादों के स्टॉलों तथा राजस्व विभाग द्वारा लगाये गये रोवर का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम के दौरान जनपद सहारनपुर के विकास कार्यां पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।
मुख्यमंत्री ने 01 जुलाई से 15 अगस्त, 2026 तक धारा-24 के अन्तर्गत रोवर द्वारा पैमाइश अभियान का शुभारम्भ भी किया। ज्ञातव्य है कि यह उत्तर प्रदेश सरकार की एक अभिनव पहल है। रोवर पैमाइश से भूमि की वास्तविक स्थिति का सटीक निर्धारण किया जा सकेगा। पारम्परिक विधियों की तुलना में रोवर के प्रयोग से कम समय में आधुनिक राजस्व अभिलेखों के अनुरूप पैमाइश, मानवीय त्रुटियों एवं विवादों की न्यूनतम सम्भावना, सीमा विवादों का त्वरित समाधान एवं अनावश्यक विवादों व मुकदमों में कमी आएगी।
