मतदेय स्थलों के सम्भाजन को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न

Spread the love

मतदेय स्‍थलों के सम्भाजन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के निर्देश

चन्दौली। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में जनपद में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) के युक्तिकरण एवं सम्भाजन के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में विधायक सैयदराजा सुशील सिंह, जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सम्भाजन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने पर बल दिया। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि नए मतदेय स्थलों के निर्धारण में मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी मतदाता को अपने बूथ तक पहुँचने में अनावश्यक दूरी न तय करनी पड़े।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में उपस्थित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर मतदेय स्थलों की सूची का भली-भांति अवलोकन कर लें। यदि कहीं कोई विसंगति, भवन की जर्जर स्थिति या दूरी से सम्बंधित समस्या हो, तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं। दिनांक 4-7-2026 को मतदेय स्‍थल सूची के आलेख का प्रकाशन किया जायेगा तदुपरान्‍त दिनांक 10-7-2026 तक माननीय पदाधिकारीगण अपना सुझाव आदि दे सकते है

सम्भाजन के इस वृहद कार्यक्रम के तहत राजनैतिक दल एवं आम नागरिक अपने सुझाव अथवा आपत्तियां निर्धारित प्रारूप पर संबंधित तहसील या जिला निर्वाचन कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने कहा मतदान प्रक्रिया की शुचिता और सुगमता ही लोकतंत्र की बुनियाद है। मतदेय स्थलों का सम्भाजन इस प्रकार किया जा रहा है जिससे शत-प्रतिशत मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर चंदौली , जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों (भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस, अपना दल, आम आदमी पार्टी आदि) के जिलाध्यक्ष/प्रतिनिधि एवं निर्वाचन कार्यालय के मुख्य सहायक व अन्य संबंधित अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *