चंदौली। ग्राम पंचायत फगुइया में आयोजित जन चौपाल के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अचानक ग्राम सचिवालय और वहाँ बनी लाइब्रेरी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने लाइब्रेरी में रखी किताबों के रख-रखाव, छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश (लाइटिंग)और पेयजल की सुविधाओं को देखा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान और सचिव को निर्देशित करते हुए कहा कि लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं और बच्चों के लिए उपयोगी व ज्ञानवर्धक पुस्तकें अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। लाइब्रेरी नियमित रूप से तय समय पर खुले ताकि ग्रामीण युवा इसका पूरा लाभ उठा सकें। सचिवालय और लाइब्रेरी परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्राम सचिवालयों में बनी लाइब्रेरी ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होंगी। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सकलडीहा कुंदन राज कपूर, खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम प्रधान सहित बिजली व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
