धनबाद। कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बीसीसीएल में 16 जून से 30 जून तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के तीसरे दिन आज कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में तालाबों, जल स्रोतों, पानी टंकियों (वाटर टैंक), कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत तालाबों एवं पानी टंकियों की सफाई, कॉलोनियों में झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में विभिन्न गतिविधियाँ संचालित की गईं। अभियान के अंतर्गत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता से विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी कार्य संपन्न किए गए। इस दौरान जल स्रोतों के संरक्षण, सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ परिवेश के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा दिया गया।
इसी क्रम में सीवी क्षेत्र के डी.आर. कॉलोनी में पानी टंकियों की सफाई के साथ व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। कोयला नगर स्थित तालाब एवं पानी टंकियों की सफाई के साथ कॉलोनी परिसर में झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई कर परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाया गया। ब्लॉक-II क्षेत्र में सिविल विभाग द्वारा घाटों की विशेष साफ-सफाई के साथ विभिन्न स्थानों एवं कॉलोनियों में झाड़ियों की कटाई की गई, जबकि बस्ताकोला क्षेत्र के बंगाली कोठी तालाब में विशेष स्वच्छता अभियान के साथ तालाब एवं उसके आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। इसके साथ ही विभिन्न अन्य क्षेत्रों में भी समान गतिविधियाँ संचालित की गई। इन गतिविधियों के माध्यम से जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छ पर्यावरण तथा सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल में 16 जून से प्रारंभ ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अंतर्गत प्रथम दिन कंपनी मुख्यालय एवं सभी क्षेत्रों में स्वच्छता शपथ, एंटी-लिटरिंग जागरूकता गतिविधियों एवं स्वच्छता संदेशों के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया था। दूसरे दिन केंद्रीय चिकित्सालय, धनबाद सहित विभिन्न क्षेत्रीय अस्पतालों एवं डिस्पेंसरियों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित कर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा दिया गया। इसी क्रम में आज तीसरे दिन तालाबों, पानी टंकियों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा झाड़ियों एवं अनावश्यक वनस्पतियों की कटाई जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत आगामी दिनों में वर्षा जल संचयन प्रणालियों का निरीक्षण, स्वच्छता जागरूकता अभियान, चित्रकला प्रतियोगिता, स्वच्छता प्रशिक्षण, पौधारोपण अभियान, साइबर स्वच्छता जागरूकता सत्र, स्वच्छता रैली तथा धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
