रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के निदेशालय (मानव संसाधन प्रबंधन) के तत्वावधान में आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र में 17 जून को एक शिकायत निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों एवं हितधारकों की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती सुमन रस्तोगी, महाप्रबंधक (समाधान प्रकोष्ठ) ने की। इस अवसर पर संजीव कुमार, महाप्रबंधक, आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र, तेजविंदर सिंह, मुख्य प्रबंधक (मानव संसाधन), समाधान प्रकोष्ठ, स्टाफ अधिकारी (मानव संसाधन), आम्रपाली-चंद्रगुप्त क्षेत्र सहित मानव संसाधन विभाग के अधिकारीगण, स्टाफ अधिकारी (सिविल), स्टाफ अधिकारी (वित्त एवं लेखा), अन्य अधिकारीगण तथा विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक संचालित हुआ, जिसमें सभी उपस्थित व्यक्तियों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखने का अवसर प्रदान किया गया। शिविर के दौरान कुल 28 शिकायतें दर्ज की गईं। प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से आवास (क्वार्टर) अनुरक्षण, सीएमपीएफ से संबंधित ऑनलाइन डाटा अद्यतन तथा अन्य सेवा संबंधी विषय शामिल रहे। सभी शिकायतों का विधिवत पंजीकरण किया गया तथा अनेक मामलों में मौके पर ही संबंधित व्यक्तियों को आवश्यक जानकारी एवं समाधान उपलब्ध कराया गया। शेष मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए औपचारिक उत्तर प्रदान किया जाएगा तथा शिकायतों का समयबद्ध एवं यथोचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन से कर्मचारियों एवं हितधारकों को अपनी समस्याओं के समाधान हेतु एक प्रभावी मंच उपलब्ध हुआ तथा संगठन की पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्यसंस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायता मिली।
